फतेहपुर सीकरी के मंगोली खुर्द में भीषण अग्निकांड: दो चचेरे भाइयों के घरों में लगी आग, नकदी, राशन और गृहस्थी राख, गाय भी झुलसी
-महावीर सिंह वर्मा- फतेहपुर सीकरी। विकासखंड के ग्राम मंगोली खुर्द में सोमवार दोपहर हुए भीषण अग्निकांड ने दो परिवारों की पूरी गृहस्थी उजाड़ दी। अज्ञात कारणों से लगी आग ने देखते ही देखते दो चचेरे भाइयों के मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग में करीब 40 हजार रुपये की नकदी, घरेलू सामान, राशन, बिस्तर, भूसा सहित जीवनभर की जमा पूंजी जलकर राख हो गई। हादसे में एक गाय भी झुलस गई। घटना के बाद पीड़ित परिवारों ने तहसील प्रशासन से नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम मंगोली खुर्द निवासी सोहन सिंह पुत्र कलुआ तथा उनके चचेरे भाई देवेंद्र सिंह पुत्र भगवान सिंह के मकानों में सोमवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग लगने के समय देवेंद्र सिंह मजदूरी के सिलसिले में गांव से बाहर गए हुए थे, जबकि सोहन सिंह भी अपने परिवार के साथ गांव में ही दूसरे स्थान पर मौजूद थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने दोनों मकानों से धुआं और आग की तेज लपटें उठती देखीं तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों परिवारों की गृहस्थी लगभग पूरी तरह तबाह हो चुकी थी। आग की चपेट में आकर घरों में रखा राशन, बिस्तर, कपड़े, घरेलू उपयोग का सामान, भूसा तथा करीब 40 हजार रुपये की नकदी जलकर राख हो गई। आग में एक गाय भी गंभीर रूप से झुलस गई, जिससे परिवार को अतिरिक्त आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
घटना की सूचना तहसील प्रशासन को दे दी गई है। प्रशासन से राजस्व टीम भेजकर नुकसान का सर्वे कराने की मांग की गई है, ताकि पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सोनू वर्मा ने बताया कि दोनों परिवार मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आग की इस घटना ने उनकी पूरी गृहस्थी तबाह कर दी है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन कराने और पीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।
घटना के बाद गांव में पीड़ित परिवारों को लेकर सहानुभूति का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को तत्काल राहत उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि दोनों परिवार दोबारा अपना जीवन सामान्य कर सकें।