आगरा से फतेहपुर सीकरी तक पौधारोपण महाअभियान की धूम, सामाजिक संस्थाओं और सरकारी विभागों ने रोपे पौधे

आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार के वृहद पौधारोपण अभियान के तहत रविवार को आगरा और फतेहपुर सीकरी में विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक एवं सरकारी संस्थाओं ने बड़े स्तर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सुंदरानी चैरिटेबल आई हॉस्पिटल समिति ने अस्पताल परिसर में पौधारोपण किया, नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स ने पालीवाल पार्क में 300 पौधे लगाए, जबकि फतेहपुर सीकरी विकासखंड में विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के सहयोग से 1,95,466 पौधों का रोपण किया गया। सभी कार्यक्रमों में पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और पौधों के संरक्षण का संकल्प दोहराया गया।

Jul 12, 2026 - 22:03
 0
आगरा से फतेहपुर सीकरी तक पौधारोपण महाअभियान की धूम, सामाजिक संस्थाओं और सरकारी विभागों ने रोपे पौधे
बालूगंज स्थित सुंदरानी चैरिटेबल आई हॉस्पिटल परिसर में पौधारोपण करते उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, उद्यमी पूरन डावर एवं समिति के पदाधिकारी।

सुंदरानी चैरिटेबल आई हॉस्पिटल समिति ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

आगरा के बालूगंज स्थित सुंदरानी चैरिटेबल आई हॉस्पिटल परिसर में समिति की ओर से पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय एवं फुटवेयर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद के चेयरमैन पूरन डावर ने पौधारोपण कर किया।

इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। समिति के अध्यक्ष विजय खंडेलवाल तथा उपाध्यक्ष गिरधारी लाल भगत्यानी ने उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय एवं संरक्षक पूरन डावर का पटका पहनाकर स्वागत किया।

इस अवसर पर सचिव सी.के. रस्तोगी, सह सचिव रवि दुबे, शारिक इकबाल, मनीष हरजानी, जगदीश मीरचंदानी, सूर्यप्रकाश मदनानी, कपिल पंजवानी, तरुण हरजानी, संक्रेश शर्मा, जितेंद्र तुलसानी, आशु मूलचंदानी, नितिन राजवानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

पालीवाल पार्क में नेशनल चैम्बर ने लगाए 300 पौधे, डीएफओ ने बताया वृक्षारोपण का महत्व

पालीवाल पार्क में पौधारोपण अभियान के दौरान डीएफओ राजेश कुमार, चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल एवं अन्य पदाधिकारी।

नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स की ओर से उत्तर प्रदेश के पौधारोपण महायज्ञ अभियान के अंतर्गत पालीवाल पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने की, जबकि मुख्य अतिथि प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) राजेश कुमार रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ डीएफओ राजेश कुमार ने पौधा लगाकर किया। उन्होंने वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जलवायु संतुलन के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है।

इस दौरान पार्क में विभिन्न प्रजातियों के 300 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में चैम्बर सदस्यों के अलावा बड़ी संख्या में मॉर्निंग वॉकर्स ने भी भाग लेकर पौधारोपण किया।

चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने मुख्य अतिथि राजेश कुमार एवं विशिष्ट अतिथि के.सी. जैन का पौधा भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम के संयोजक अतुल कुमार गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर अम्बा प्रसाद गर्ग, विनय मित्तल, अतुल गुप्ता, मनीष अग्रवाल, पार्षद धर्मवीर, अशोक गुप्ता, मनोज कुमार गुप्ता, के.के. अग्रवाल, विनोद गुप्ता, अपूर्व मित्तल, विनोद दीक्षित, अनिल अग्रवाल, जय किशन गुप्ता और सौरभ अग्रवाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

फतेहपुर सीकरी विकासखंड में एक दिन में रोपे गए 1.95 लाख से अधिक पौधे

फतेहपुर सीकरी विकासखंड में वृहद पौधारोपण अभियान के दौरान पौधे लगाते जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण।

फतेहपुर सीकरी विकासखंड में रविवार को शासन के वृहद पौधारोपण अभियान के तहत विभिन्न सरकारी संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर 1,95,466 पौधों का रोपण किया गया। थाना परिसर में एसीपी शैलेंद्र सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर सिंह के निर्देशन में 400 पौधे लगाए गए। वहीं पालिका अध्यक्ष शबनम मोहम्मद इस्लाम के नेतृत्व में गुलिस्तां पार्किंग क्षेत्र में सैकड़ों पौधों का रोपण किया गया।

इसी क्रम में विकास विभाग की ओर से खंड विकास अधिकारी रजत कुशवाहा के निर्देशन में ग्राम जौताना में मियांवाकी पद्धति से पौधारोपण किया गया। इस दौरान ग्राम प्रधान पुष्पा देवी रूप सिंह, ग्राम सचिव राहुल सिंह रावत तथा अन्य ग्रामीण एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने पौधों के संरक्षण और हरित पर्यावरण के निर्माण का संकल्प लिया।

SP_Singh AURGURU Editor