मास्टर हॉकी फ्यूजन प्रीमियर लीगः ‘आगरा रॉयल एनफील्ड’ बनी पहली चैंपियन, फाइनल में 6-2 से डॉ. गौतम जर्मन होम्यो मेडी सेंटर को रौंदा, तूफान-बारिश भी नहीं रोक सकी जुनून की लहर
आगरा। ताजनगरी की खेल संस्कृति और गौरवशाली हॉकी परंपरा के लिए शुक्रवार की रात यादगार बन गई। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के सिंथेटिक हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान पर आयोजित आगरा मास्टर हॉकी फ्यूजन प्रीमियर लीग (सीजन-1) का समापन शानदार खेल, जबरदस्त रोमांच और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुआ। फ्लडलाइट्स की दूधिया रोशनी में खेले गए हाई-वोल्टेज फाइनल मुकाबले में ‘आगरा रॉयल एनफील्ड’ ने शानदार वापसी करते हुए ‘डॉ. गौतम जर्मन होम्यो मेडी सेंटर’ को 6-2 से पराजित कर लीग के पहले संस्करण का खिताब अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही आगरा रॉयल एनफील्ड इस प्रतिष्ठित लीग की पहली चैंपियन टीम बनने का गौरव हासिल करने में सफल रही।
हॉकी के पुनर्जागरण का बना प्रतीक
यह मुकाबला सिर्फ एक फाइनल मैच नहीं था, बल्कि आगरा में हॉकी के पुनर्जागरण का प्रतीक बनकर सामने आया। खिलाड़ियों का जोश, दर्शकों की भारी उपस्थिति और पूरे आयोजन की भव्यता ने यह संदेश दिया कि आगरा में हॉकी का जुनून आज भी जिंदा है। खेल प्रेमियों का मानना है कि यह लीग भविष्य में शहर को राष्ट्रीय हॉकी मानचित्र पर नई पहचान दिलाने का आधार बनेगी।
मौसम ने डाली बाधा, लेकिन नहीं टूटा उत्साह
फाइनल मुकाबले से ठीक पहले तेज आंधी, तूफान और मूसलाधार बारिश ने आयोजन की रफ्तार रोकने की कोशिश की। कुछ देर के लिए मैच पर संकट के बादल मंडराने लगे, लेकिन हॉकी प्रेमियों का उत्साह मौसम पर भारी पड़ गया। सैकड़ों दर्शक स्टेडियम में डटे रहे। आयोजन समिति ने तत्परता दिखाते हुए मैदान को शीघ्र खेलने योग्य बनाया और मुकाबला निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुरू हुआ। जैसे ही खेल आरंभ हुआ, पूरा स्टेडियम तालियों और जयकारों से गूंज उठा।
पहले हाफ में बराबरी की टक्कर
फाइनल मुकाबले की शुरुआत बेहद संतुलित और रक्षात्मक खेल के साथ हुई। दोनों टीमों ने संयमित रणनीति अपनाई और पहले हाफ में किसी को स्पष्ट बढ़त नहीं मिल सकी। डिफेंडरों और गोलकीपरों ने शानदार प्रदर्शन कर विपक्षी हमलों को लगातार विफल किया।
दूसरे क्वार्टर के 13वें मिनट में डॉ. गौतम जर्मन होम्यो मेडी सेंटर के खिलाड़ी अनुज ने शानदार फील्ड गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि आगरा रॉयल एनफील्ड ने ज्यादा देर इंतजार नहीं किया। टीम के स्टार खिलाड़ी गुलफाम ने 16वें मिनट में शानदार गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
तीसरे क्वार्टर में डॉ. गौतम टीम हावी
तीसरे क्वार्टर में मुकाबला और अधिक रोमांचक हो गया। डॉ. गौतम जर्मन होम्यो मेडी सेंटर के खिलाड़ी मोहित ने 23वें मिनट में बेहतरीन गोल कर अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। तीसरे क्वार्टर तक ऐसा लग रहा था कि खिताब डॉ. गौतम टीम की झोली में जा सकता है, लेकिन अंतिम क्वार्टर में मैच ने अप्रत्याशित मोड़ ले लिया।
अंतिम क्वार्टर में रॉयल एनफील्ड का रौद्र रूप
चौथे और अंतिम क्वार्टर में आगरा रॉयल एनफील्ड ने आक्रामक हॉकी का शानदार प्रदर्शन किया। 32वें मिनट में टीम के अनुभवी खिलाड़ी दिलीप शर्मा ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया।
इसके बाद 35वें मिनट में गुलफाम ने अपना दूसरा गोल कर टीम को 3-2 की बढ़त दिला दी। बढ़त मिलते ही आगरा रॉयल एनफील्ड का आत्मविश्वास चरम पर पहुंच गया। इसके बाद दिलीप शर्मा, प्रभु दीप सिंह और धीरज ने लगातार गोल दागते हुए मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया।
अंतिम सीटी बजते ही स्कोरबोर्ड पर 6-2 का परिणाम दर्ज था और पूरा स्टेडियम विजेता टीम के सम्मान में तालियों और जयघोष से गूंज उठा।
डॉ. जयशंकर सिंह यादव बने प्लेयर ऑफ द मैच
हालांकि उनकी टीम खिताब नहीं जीत सकी, लेकिन डॉ. गौतम जर्मन होम्यो मेडी सेंटर के डिफेंडर डॉ. जयशंकर सिंह यादव ने पूरे मैच में शानदार रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन किया। उनकी बेहतरीन टैकलिंग, संयमित खेल और उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
समापन समारोह में इंजीनियर उमेश शर्मा, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा, राजेश गोयल (बबलू भाई), बलदेव भटनाकर, मनोज जादौन, मनोज कुमार, विजय पाठक, जयशंकर यादव, अमरजीत सिंह, गोपाल भगत, सजल बंसल और डॉ. गौतम सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
राजीव सोई ने जताया आभार
आयोजन सचिव राजीव सोई ने लीग की सफलता का श्रेय खिलाड़ियों, आयोजन समिति, मीडिया, सहयोगियों और हॉकी प्रेमियों को दिया। उन्होंने विशेष रूप से रामोत्तम चिराज इवेंट एंड इंटरटेनमेंट टीम तथा दिव्यांश सक्सेना और मोहित दिवाकर के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि आगरा की हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन भविष्य में भी लगातार होते रहेंगे।
पूरे आयोजन का मंच संचालन गगन मदान ने किया। उनके ऊर्जावान और प्रभावशाली संचालन ने दर्शकों का उत्साह पूरे कार्यक्रम के दौरान बनाए रखा।
निर्णायकों ने निभाई अहम भूमिका
फाइनल मुकाबले में शकील खान, अजय सिंह राजपूत, गौरव शर्मा, चौधरी एम.डी. अहमद खान, रघु लोधी, गुरप्रीत सिंह और शाहरुख मलिक ने निर्णायक की भूमिका निभाई। सभी ने निष्पक्ष और उत्कृष्ट निर्णय देकर मुकाबले को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
इस अवसर पर आयोजन अध्यक्ष अमिताभ गौतम, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र बघेल, धीरज मदान, अनामिका मदान, के.पी. सिंह यादव, बंटी यादव, शाहिद अंसारी, गौरव रौतेला, ज्ञानेंद्र यादव, अमित दीक्षित, हरपाल, कमल चहार, देवेश यादव, खलील, धर्मेश और मोइन खान सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Top of Form
Bottom of Form