रकम दोगुनी का झांसा देकर करोड़ों की ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, टूंडला से दबोचा
कमला नगर पुलिस ने ₹2.26 करोड़ की निवेश ठगी के मुख्य आरोपी सत्यप्रकाश तित्तल को टूंडला से गिरफ्तार किया। आरोपी पर एसबीएनएल वर्ल्ड के नाम पर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपये ठगने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने बीमारी का बहाना बनाया, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट सामान्य मिली। आरोपी के खिलाफ पहले भी जमीन के नाम पर ठगी सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और आर्थिक लेनदेन की जांच कर रही है।
₹2.26 करोड़ की निवेश ठगी के मामले में कमला नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कई और आरोपी रडार पर, पकड़े जाने की सूचना पर कमला नगर थाने में पहुंची पीड़ितों की भीड़
आगरा। थाना कमला नगर पुलिस ने निवेश पर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एसबीएनएल वर्ल्ड (SBNL World) के नाम पर लोगों से निवेश कराकर करीब 2.26 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी सत्यप्रकाश तित्तल को फिरोजाबाद के टूंडला से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने वर्ष 2023 से 2025 के बीच लोगों को कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच दिया। इसके लिए उसने आगरा के संजय प्लेस में कार्यालय खोल रखा था, जहां से निवेश योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर लोगों से करोड़ों रुपये जमा कराए गए। समय पूरा होने पर निवेशकों को न तो उनका पैसा वापस मिला और न ही कोई लाभांश दिया गया। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए खुद को बीमार बताकर अस्पताल भेजने की कोशिश की, लेकिन मेडिकल परीक्षण में उसकी सभी रिपोर्ट सामान्य मिलीं। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया।
आरोपी के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही पीड़ितों की भीड़ भी कमला नगर थाने में पहुंच गई। इसकी पत्नी और अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। कहीं वे विदेश न भाग जाए, इसके लिए आगे की भी विधिक कार्रवाई कर रही है। चर्चा है कि कई लोग ऐसे हैं जो अभी तक सामने नहीं आए हैं, उनसे भी बड़ी ठगी की गई है।
एक अधिकारी की पत्नी के 9 करोड रुपए भी इस गिरोह ने ठग लिए हैं। वह राजस्थान से आगरा के चक्कर काट रही हैं। 9 करोड़ कहां से शो करें इसके चलते मुकदमा दर्ज कराने से बच रही हैं।
आरके पुरम ताजनगरी जी के रहने वाले मनीष शर्मा और अन्य 6 लोगों ने डीसीपी सिटी से शिकायत की थी कि कमला नगर एफ ब्लॉक निवासी सत्य प्रकाश तित्तल उनकी पत्नी वर्षा तित्तल, भतीजे विक्रांत तित्तल, विशाल तित्तल, युवराज सिंह, सपना सिंह, राहुल सोनी कुसुम लता सोनी ने उनसे संयुक्त रूप से षड्यंत्र करते हुए उनके साथ 2 करोड़ 26 लाख रुपए की ठगी की है। सभी पीड़ितों ने बताया आरोपी बहुत बड़े नटवरलाल हैं। वह यह ऐलान भी देते हैं कि उन्होंने कई अधिकारियों के भी पैसे लगा रखे हैं। इसलिए यह अधिकारी भी उनकी जेब में रहते हैं।
डीसीपी के आदेश के बाद कमला नगर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ। पीड़ितों ने बताया कि यह नटवरलाल 15, 19 और 30 महीने में दोगुना पैसा करने की बात कहते थे। इसके चलते उन्होंने उन्हें रुपए दे दिए। आरोपियों ने शपथ पत्र के साथ ही अपने नाम के चेक भी निवेशकों को विश्वास बनाए रखने के लिए दिए थे। बताया जा रहा है जो शपथ पत्र दिए गए उन्हें लेकर उन्हें पता चला कि जिस अधिवक्ता से शपथ पत्रों का सत्यापन करना बताया गया था उनकी काफी समय पहले ही मृत्यु हो गई थी।
हरीपर्वत थाने में भी आरोपियों के खिलाफ है मुकदमा दर्ज
सत्य प्रकाश तित्तल, विक्रांत तित्तल, विशाल तित्तल, युवराज सिंह और राहुल कुमार के खिलाफ 4 जून को हरीपर्वत थाने में भी धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ था। वहां पर गोविंदपुरी कमला नगर निवासी संजय दिवाकर ने मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें प्लॉट के नाम पर 48 लाख की ठगी का आरोप लगाया गया है।
आरोपी रखता था अपने साथ कई बाउंसर
पुलिस की जांच में सामने आया है कि यह सभी लोग बड़े स्तर पर लोगों को चूना लगाने का काम करते थे। पीड़ितों ने पुलिस को यह भी बताया है कि सत्य प्रकाश तित्तल भौंकाल के साथ रहता था। अपने साथ कई बाउंसर भी रखता था। इसके साथ ही लग्जरी लाइफ जीता था। लोगों को क्या पता था कि वह उनके पैसे से ही यह जिंदगी जी रहा है। इंस्पेक्टर पवन सैनी ने बताया कि गिरोह के अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए भी दबिश दी जा रही है। इधर कमला नगर पुलिस के द्वारा बड़े नटवरलाल के पकड़े जाने को लेकर अधिकारियों व पीड़ितों के द्वारा इंस्पेक्टर पवन सैनी को शाबाशी दी गई है।