समाज संगठन और शिक्षा के संकल्प के साथ मनी मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

आगरा। अहिल्याबाई होलकर शिक्षोदय समिति द्वारा 13 जून 2026 को यूथ हॉस्टल, आगरा में मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती एवं मेधावी सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में समाज को शिक्षा के क्षेत्र में सशक्त बनाने, संगठन को मजबूत करने तथा आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों को हरसंभव शैक्षिक सहयोग उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार और आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में समाज के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Jun 16, 2026 - 20:02
 0
समाज संगठन और शिक्षा के संकल्प के साथ मनी मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
मातेश्वरी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर यूथ हॊस्टल में आयोजित समारोह में मौजूद अतिथिगण।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. प्रियंका धनगर ने कहा कि समाज की वास्तविक उन्नति शिक्षा से ही संभव है। यदि प्रत्येक परिवार बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा तो समाज हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

विशिष्ट अतिथियों अजीत पाल, विकास पाल, विनोद पाल, सुनीता रौतेला एवं प्रमेश पाल ने अपने संबोधन में कहा कि मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर का जीवन सेवा, न्याय, सुशासन और समाज कल्याण का अद्भुत उदाहरण है। उनके आदर्श आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं।

समारोह का शुभारंभ पद्मावती बघेल द्वारा प्रस्तुत अहिल्याबाई वंदना से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय और प्रेरणादायी बना दिया।

समिति के सक्रिय सदस्यों रोविन सिंह बघेल, योगेश बघेल, कैलाश बघेल, त्रिदेव होलकर, विनोद धनगर, मनोज बघेल, महेश बघेल, अमर बघेल तथा महेश धनगर ने मेधावी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर निर्माण तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि समिति भविष्य में भी समाज के जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा और करियर के क्षेत्र में हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी।

महिला शक्ति के रूप में डॉ. नीलम बघेल, नीतू बघेल, मोहनलता पाल, ममता बघेल, मंजू बघेल, दुर्गापाल होलकर तथा सर्वेश बघेल ने महिलाओं और बालिकाओं को शिक्षित, आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षित महिला ही परिवार और समाज के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला होती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता शिशुपाल बघेल ने की। उन्होंने समाज में शिक्षा, संगठन और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए सभी लोगों से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का सफल संचालन अशोक धनगर ने किया।

समारोह के दौरान समिति के सदस्यों ने संकल्प लिया कि समाज के गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और करियर निर्माण में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। साथ ही युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए निरंतर अभियान चलाए जाएंगे।

SP_Singh AURGURU Editor