आगरा के साहित्य साधक संजय गुप्त का लखनऊ में हुआ सम्मान

आगरा। शहर के साहित्य सेवी संजय गुप्त को लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय साहित्यिक समारोह में साहित्य साधक सम्मान से सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय श्री सुर संगम काव्य गंगधारा संस्था द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे साहित्यकारों और रचनाकारों की मौजूदगी में उन्हें उल्लेखनीय साहित्यिक उपलब्धियों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।

May 18, 2026 - 20:35
May 18, 2026 - 20:36
 0
आगरा के साहित्य साधक संजय गुप्त का लखनऊ में हुआ सम्मान
लखनऊ में आगरा के साहित्यकार संजय गुप्त को सम्मानित करते श्री श्री मिश्रा एवं अन्य।

राजधानी लखनऊ के विधान सभा मार्ग स्थित होटल में आयोजित पुस्तक लोकार्पण, काव्य गोष्ठी एवं सम्मान समारोह में संस्था की संस्थापक अध्यक्ष श्री श्री मिश्रा ने संजय गुप्त को सम्मानित किया। समारोह में कविता संग्रह मां नर्मदा के लोकार्पण के अवसर पर देशभर से आए साहित्यकारों को सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में पटना (बिहार) से वरिष्ठ साहित्यकार राशदादा राश, डीग (राजस्थान) से प्रकाश चंद् पाराशर, एवं सोहन लाल शर्मा प्रेम, रतलाम से डॊ. प्रकाश उपाध्याय, कानपुर से कुसुम सिंह अविचल तथा नोएडा से उमाकांत त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह में पांच अन्य पुस्तकों का भी लोकार्पण किया गया।

संजय गुप्त अब तक चार पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं तथा एक हजार से अधिक कविता, कहानी, आलेख और समीक्षाएं लिख चुके हैं। आकाशवाणी पर उनकी वार्ताएं प्रसारित हो चुकी हैं और वे छह सौ से अधिक ऑनलाइन साहित्यिक कार्यक्रमों में अपनी रचनाओं का पाठ कर चुके हैं। उन्हें अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्थाओं द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है।

कार्यक्रम में दिल्ली से ब्रह्मदेव शर्मा, बाराबंकी से डॉ. अमरेन्द्र वर्मा, अजमेर से सत्य रूपा तिवारी, कानपुर से आर. एन. सिंह, बिसौली से एन. पी. पाठक, नोएडा से संध्या दीक्षित तथा लखनऊ से रश्मि सिंह, नन्दलाल मणि त्रिपाठी, भारत भूषण मिश्रा और मोहित अग्रवाल ने समसामयिक रचनाओं का पाठ कर साहित्यिक वातावरण को जीवंत बना दिया।

समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं मीनाक्षी भारद्वाज की वंदना से हुआ। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन श्री श्री मिश्रा ने किया।

SP_Singh AURGURU Editor