आगरा में फूड प्रोसेसिंग का महाकुंभ: उत्तर प्रदेश फूड एक्सपो एंड कॉनक्लेव 2026 की घोषणा, तीन दिवसीय आयोजन में जुटेंगे उद्योगपति, नीति निर्माता और विशेषज्ञ; वेस्ट यूपी के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को मिलेगी नई उड़ान
आगरा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को नई दिशा और गति देने की महत्वाकांक्षी पहल के तहत चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने बुधवार को होटल हॉलिडे इन, आगरा में उत्तर प्रदेश फूड एक्सपो एंड कॉनक्लेव 2026 की भव्य घोषणा की। उद्घोषणा समारोह में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों और व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने इसे प्रदेश के फूड प्रोसेसिंग सेक्टर के लिए एक ऐतिहासिक और मील का पत्थर साबित होने वाला आयोजन बताया।
घोषणा के दौरान बताया गया कि यह बहुप्रतीक्षित आयोजन आगामी 14, 15 और 16 जून 2026 को होटल जेपी पैलेस, आगरा में प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय इस एग्जीबिशन एवं कॉन्फ्रेंस में देश के सात राज्यों से 150 से अधिक कंपनियां भाग लेंगी और फूड प्रोसेसिंग मशीनरी, पैकेजिंग तकनीक, कोल्ड चेन, वेयरहाउसिंग, फूड टेक्नोलॉजी और नवाचारों से जुड़े उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन करेंगी।
सरकार, उद्योग और तकनीक का होगा संगम
आयोजन में भारत सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार, खाद्य सुरक्षा विभाग तथा फूड प्रोसेसिंग विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण उत्तर प्रदेश सरकार की नई पहल- एक जनपद-एक व्यंजन (ओडीओसी) का प्रदर्शन होगा।
एक्सपो में बैंकिंग और वित्तीय संस्थानों की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी। उद्यमियों को विभिन्न ऋण योजनाओं, सब्सिडी कार्यक्रमों और निवेश संबंधी सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही फूड सेक्टर में उत्कृष्ट कार्य करने वाली इकाइयों को सम्मानित करने के लिए विशेष पुरस्कार समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
नई तकनीकों पर होगा गंभीर मंथन
तीन दिवसीय कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ पैकेजिंग तकनीक, मशीनरी, खाद्य पदार्थों की शेल्फ लाइफ बढ़ाने के उपाय, गुणवत्ता नियंत्रण और आधुनिक तकनीकों पर विस्तृत चर्चा करेंगे। इस आयोजन में भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय, उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग एवं एपीडा की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगी वैश्विक पहचान
आयोजन का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश विशेषकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। इसके माध्यम से स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार उपलब्ध कराने, किसानों की आय बढ़ाने तथा युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। आगरा के पारंपरिक उत्पादों को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।
फूड चेन और टेक्नोलॉजी का संगम होगा एक्सपो: राजकुमार भगत
चेंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार भगत ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि तीन दिवसीय आयोजन में प्रतिदिन ज्ञानवर्धक सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनसे उद्यमियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण उद्योग भारत की अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और यह एक्सपो संपूर्ण फूड चेन, वेयरहाउसिंग, नवाचार और तकनीक का संगम साबित होगा।
ओडीओसी योजना को मिलेगा प्रमुख मंच: शैलेंद्र सिंह
उत्तर प्रदेश सरकार के उपायुक्त उद्योग शैलेंद्र सिंह ने कहा कि ओडीओपी योजना की सफलता के बाद अब प्रदेश सरकार ने ओडीओसी योजना शुरू की है, जिसका मूल उद्देश्य एक जनपद-एक व्यंजन को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि फूड एक्सपो में इस योजना का विशेष प्रदर्शन किया जाएगा।
कृषि उत्पादों को प्रसंस्करण से मिलेगा मूल्यवर्धन
नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स, आगरा के अध्यक्ष मनोज बंसल ने कहा ऐसे उद्यमियों को भी आमंत्रित किया गया है जो अपने उद्योगों को फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में परिवर्तित करना चाहते हैं। लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता ने कहा कि फूड प्रोसेसिंग सेक्टर टीटीजेड से जुड़ी बाधाओं के समाधान के प्रयास जारी हैं, जिससे आगरा के उद्योगों को नई दिशा मिलेगी। आगरा कोल्ड स्टोरेज ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भूवेश अग्रवाल ने कहा कि एक्सपो में कोल्ड चेन और वेयरहाउसिंग प्रमुख आकर्षण रहेंगे। फूड चेंबर के महासचिव अनुज सिंघल ने बताया कि आयोजन के माध्यम से आगरा के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्य सलाहकार मनीष कुमार अग्रवाल ने तीन दिवसीय कॉन्फ्रेंस की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उद्घोषणा समारोह में चैंबर कोषाध्यक्ष विनय अग्रवाल, सचिन गोयल, आशीष गर्ग, विकास चतुर्वेदी, विवेक अग्रवाल, शैलेश अग्रवाल, अभिषेक चौरसिया, जय अग्रवाल, संदीप काइला, सौरभ अग्रवाल, राजेश भल्ला, ध्रुव अग्रवाल, वैभव खंडेलवाल, सिद्धार्थ मित्तल, चैंबर के पूर्व अध्यक्ष संजय गोयल, सीताराम अग्रवाल, उपाध्यक्ष विवेक जैन, एडमिनिस्ट्रेटर अपरार्क शर्मा, दिलीप कुमार सहित बड़ी संख्या में उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। आयोजन की व्यवस्थाएं अनिल सविता एवं राम शर्मा ने संभालीं।
कार्यक्रम का संचालन मनीष अग्रवाल रावी ने किया। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर आयोजन के आमंत्रण पत्र का विधिवत विमोचन किया।