भारत मंडपम में गूंजेगा आत्मनिर्भर भारत का संदेश- कैट–आईटीपीओ के भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 में 1500 से अधिक स्टॉल, देशभर के उद्यमी होंगे शामिल, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने लॉन्च की आधिकारिक वेबसाइट

नई दिल्ली/आगरा। भारत मंडपम (प्रगति मैदान) में 12 से 15 अगस्त 2026 तक भारतीय व्यापार महोत्सव (बीवीएम) 2026 का आयोजन होने जा रहा है। आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को समर्पित इस महोत्सव की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल द्वारा कैट (कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स) के कार्यक्रम में किया गया।

May 19, 2026 - 19:48
 0
भारत मंडपम में गूंजेगा आत्मनिर्भर भारत का संदेश- कैट–आईटीपीओ के भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 में 1500 से अधिक स्टॉल, देशभर के उद्यमी होंगे शामिल, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने लॉन्च की आधिकारिक वेबसाइट
नई दिल्ली में होने जा रहे भारतीय व्यापार महोत्सव (बीवीएम) 2026 की वेबसाइट को लॊन्च करते केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल।

कैट आगरा के जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रोहित कत्याल ने बताया कि इस महोत्सव का संयुक्त आयोजन आईटीपीओ और कैट द्वारा किया जा रहा है। इसका उद्देश्य देश के उद्यमियों, स्टार्टअप्स और महिला उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत मंच प्रदान करना है।

उन्होंने बताया कि देश के प्रत्येक राज्य से 50 से 100 स्टॉल आवंटित किए जाएंगे, जिससे कुल मिलाकर 1500 से अधिक स्टॉल लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तराखंड सहित कई राज्यों से बड़े स्तर पर भागीदारी की संभावना है।

कार्यक्रम में वैश्विक चुनौतियों और पश्चिम एशिया में जारी परिस्थितियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सुझाए गए 7 सुझावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। व्यापार और उद्योग जगत के माध्यम से इन सुझावों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक व्यापक रोडमैप तैयार किया जाएगा। इस सम्मेलन में देशभर से 250 से अधिक व्यापारी, युवा उद्यमी और महिला उद्यमी शामिल हुए।

कार्यक्रम में कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीण खंडेलवाल, आईटीपीओ के निदेशक जावेद अशरफ, कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष के.सी. भारतीया, कानपुर से पंकज अरोरा, वाराणसी से अखिलेश मिश्रा, पटना से अशोक वर्मा, रायपुर से अमर परवानी, सागर से संजीव जैन, आगरा से नीरज आनंद, बंगाल से रोहित खैतान सहित कई गणमान्य व्यापारी नेता उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor