105 मीटर की पगड़ी के बीच गूंजा एकजुटता का संदेश, अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर धनगर समाज ने लिया बड़ा संकल्प
आगरा। राष्ट्रीय लोक दल सामाजिक न्याय मंच के बैनर तले रायभा गांव में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती श्रद्धा, सम्मान और सामाजिक चेतना के साथ मनाई गई। समारोह में समाज के अधिकारों, धनगर समाज को प्रमाणपत्र दिलाने की मांग और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर नेताओं ने एकजुट होकर आवाज बुलंद की। कार्यक्रम में अतिथियों का 105 मीटर लंबी पगड़ी पहनाकर और 51 किलो की माला से भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री ठाकुर तेजपाल सिंह, बागपत के सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, सामाजिक न्याय मंच की प्रदेश अध्यक्ष सुश्री संगीता दोहरे, कार्यक्रम आयोजक नरेंद्र बघेल, संयोजक सतवीर रावत, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर, डॉ. रुपेश चौधरी तथा दुर्गेश शुक्ला सहित अन्य अतिथियों ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि ठाकुर तेजपाल सिंह ने अपने संबोधन में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन से जुड़े अनेक प्रेरक प्रसंग सुनाते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोक दल ने हमेशा धनगर समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी समाज के हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।
बागपत के सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल ने संसद से लेकर सड़क तक धनगर समाज के अधिकारों की आवाज उठाई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि संसद के आगामी सत्र में धनगर समाज को प्रमाणपत्र दिए जाने का मुद्दा पूरी मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि चौधरी अजीत सिंह से लेकर जयंत चौधरी तक पार्टी ने हमेशा समाज के हक और सम्मान के लिए संघर्ष किया है।
सामाजिक न्याय मंच की प्रदेश अध्यक्ष सुश्री संगीता दोहरे ने कहा कि जब-जब धनगर समाज को आवश्यकता होगी, वह उसके संघर्ष में पूरी मजबूती से साथ खड़ी रहेंगी। उन्होंने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर को नारी शक्ति की प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम आयोजक नरेंद्र बघेल ने कहा कि जो भी जनप्रतिनिधि धनगर समाज को प्रमाणपत्र दिलाने की लड़ाई लड़ेगा, समाज उसे विधानसभा और संसद तक पहुंचाने का कार्य करेगा।
रालोद के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर ने कहा कि मातेश्वरी अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों पर चलकर ही जनसेवा संभव है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक दल ने हमेशा धनगर समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष किया है और भविष्य में भी यह लड़ाई विधानसभा से लेकर संसद तक जारी रहेगी।
कार्यक्रम के संयोजक सतवीर रावत ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए तहसील किरावली में अपने निजी खर्च से लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की भव्य प्रतिमा स्थापित कराने की घोषणा की।
समारोह की अध्यक्षता कैलाश राम व्यास ने की, जबकि संचालन हेतु सिंह बघेल और अशोक धनगर ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश सचिव डॉ. रुपेश चौधरी, महानगर अध्यक्ष पंडित दुर्गेश शुक्ला, ब्रज क्षेत्र महामंत्री पुरुषोत्तम त्यागी, युवा लोकदल के प्रदेश महासचिव मयंक खरवार, डॉ. खेम सिंह राजपूत, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव आलोक चौधरी, पूर्व प्रदेश सचिव श्रीमती अनीता चाहर, सुजाता सिंह, डॉ. मालती चौधरी, वीरेंद्र सिंह छोकर, विनीत छोकर, सौदान सिंह, भगवान सिंह बघेल, केशव बघेल, हरि सिंह बघेल, हर नारायण बघेल, गोविंद सिंह बघेल, सोबरन सिंह बघेल, दिलीप बघेल, विष्णु बघेल, कैलाश चंद, दिग्विजय सिंह परमार, डॉ. सूरज सिंह, योगेंद्र सिंह, लीलाधर सिकरवार, सुरेश प्रधान, विजय सिंह प्रधान, रमेश चंद्र बघेल, चरण सिंह, मदन सिंह बघेल, अतर सिंह बघेल सहित बड़ी संख्या में विभिन्न समाजों के लोग उपस्थित रहे।