मेटा अलर्ट से बची जान: बरेली पुलिस की 15 मिनट में बड़ी कार्रवाई, प्रेम प्रसंग में युवक उठाने को था खौफनाक कदम
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। सोशल मीडिया पर आत्महत्या का संकेत मिलते ही बरेली पुलिस ने अभूतपूर्व तत्परता दिखाते हुए मात्र 15 मिनट में युवक की जान बचा ली। थाना आंवला क्षेत्र में मेटा अलर्ट के जरिए मिली सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया और समय रहते उसकी जिंदगी सुरक्षित कर दी।
इंस्टाग्राम पोस्ट से मिला अलर्ट, तुरंत हरकत में आई पुलिस
क्षेत्राधिकारी नितिन कुमार ने बताया कि पुलिस मुख्यालय से मेटा अलर्ट के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि थाना आंवला निवासी एक युवक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा- आज मेरा आखिरी दिन है, और आज मैं जहर खाने वाला हूं। यह सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हो गई।
15 मिनट में घर पहुंची पुलिस, हालत देख उड़े होश
पुलिस मुख्यालय से मिली लोकेशन के आधार पर थाना आंवला के उप निरीक्षक अपनी टीम के साथ महज 15 मिनट में युवक के घर पहुंच गए।
परिजनों से जानकारी लेकर जब पुलिस युवक के कमरे में पहुंची तो देखा कि युवक ने अपने हाथ पर ब्लेड से कई कट लगाए हुए थे और कीटनाशक दवा पी ली थी। पास में जहर की बोतल पड़ी थी और युवक उल्टी करने की कोशिश कर रहा था।
पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए परिजनों की मदद से युवक को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर उसकी जान बचा ली। इलाज के बाद युवक को घर भेज दिया गया।
प्रेम प्रसंग बना वजह, काउंसलिंग से बदला मन
स्वस्थ होने के बाद युवक ने पुलिस को बताया कि वह एक युवती से प्रेम करता था, लेकिन उसके बात बंद कर देने से आहत होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस टीम ने युवक की काउंसलिंग कर उसे समझाया, जिसके बाद उसने भविष्य में ऐसी गलती न करने का आश्वासन दिया।
समय रहते पहुंचकर जान बचाने पर परिजनों ने थाना आंवला पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि तकनीक और पुलिस की सक्रियता मिलकर किसी की जिंदगी बचा सकती है।