बिजलीघर मार्केट में आधी रात अग्निकांड, एक दुकान जलकर भस्म, दमकल ने एक घंटे में पाया काबू
आगरा के बिजलीघर स्थित शिवाजी मार्केट के सामने मंगलवार रात करीब 11 बजे आग लगी। आग की शुरुआत एक रेडीमेड गारमेंट की दुकान से हुई। अगल-बगल की चार दुकानें चपेट में आने से बच गईं। फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण दमकल कर्मियों को टॉर्च की रोशनी में काम करना पड़ा। एक दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई। बाजार बंद होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।
आगरा। आगरा के व्यस्त कारोबारी क्षेत्र बिजलीघर में मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शिवाजी मार्केट के सामने स्थित दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि घटना के समय बाजार बंद हो चुका था और सभी दुकानदार अपने घर जा चुके थे, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 11 बजे अप्पू की रेडीमेड गारमेंट की दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की दुकानों तक पहुंच गई। आग की तेज लपटों और उठते धुएं को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
मिठाई और कपड़ों की दुकानों तक पहुंची आग
आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बगल में स्थित मिठाई और कपड़ों की अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आने की कगार पर पहुँच गईं । स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार बढ़ती रही। घटना स्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग को फैलने से रोकने के लिए दमकल कर्मियों ने कई दिशाओं से पानी की बौछार की। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
बिजली आपूर्ति बंद होने से बढ़ी चुनौती
अग्निकांड की सूचना मिलते ही सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। बिजली कटने के कारण क्षेत्र में अंधेरा छा गया, जिससे दमकल कर्मियों को राहत कार्य में अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कर्मचारियों को टॉर्च की रोशनी में आग बुझाने का काम करना पड़ा।
लाखों के नुकसान की आशंका
फायरकर्मी ने बताया कि इस हादसे में केवल एक रेडीमेड गारमेंट की दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। हालांकि नुकसान का सही आकलन अभी नहीं हो सका है। आग लगने के कारणों का भी अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ सकेगा। दुकान मालिक अप्पू ने छह-सात रुपए के नुकसान होने की जानकारी दी है।
बड़ा हादसा टला
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग बाजार के व्यस्त समय में लगती तो जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। समय रहते सूचना मिलने और दमकल विभाग की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।