आईपीएल सट्टे में उड़ा दिए कंपनी के लाखों रुपये, फिर रची लूट की झूठी पटकथा

आगरा के ताजगंज क्षेत्र में शिल्पग्राम पार्किंग के मैनेजर करन द्वारा बताई गई लूट की कहानी फर्जी निकली। करन ने कंपनी के 2.87 लाख रुपये आईपीएल सट्टे में हार दिए थे। रकम छिपाने के लिए उसने अपने साथियों भूदेव और राहुल के साथ मिलकर फर्जी लूटकांड रचा। पुलिस जांच और सख्त पूछताछ में मामला खुल गया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

May 7, 2026 - 21:22
 0
आईपीएल सट्टे में उड़ा दिए कंपनी के लाखों रुपये, फिर रची लूट की झूठी पटकथा
पुलिस की गिरफ्त में तीनों आरोपी।

ताजमहल पार्किंग के मैनेजर का फर्जी लूटकांड बेनकाब, पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

आगरा। आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र में सामने आया लूट का मामला पूरी तरह फर्जी निकला। ताजमहल के पूर्वी गेट स्थित शिल्पग्राम पार्किंग के मैनेजर ने कंपनी की रकम ऑनलाइन सट्टे में हारने के बाद अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की झूठी कहानी गढ़ डाली। पुलिस की सख्त पूछताछ में पूरा राज खुल गया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

वादी के अनुसार, उनकी कंपनी ताजमहल के पूर्वी गेट स्थित शिल्पग्राम पार्किंग का ठेका संचालित करती है। कंपनी के आगरा कार्यालय में करन नामक युवक मैनेजर के पद पर कार्यरत था। 3 मई को कंपनी की ओर से करन को 2 लाख 87 हजार रुपये बैंक में जमा कराने के लिए दिए गए थे। लेकिन काफी समय गुजरने के बाद भी रकम कंपनी के खाते में जमा नहीं हुई।

जब कंपनी अधिकारियों ने करन से पूछताछ की तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। न ही उसने रकम वापस की। इसके बाद कंपनी को गबन की आशंका हुई और थाना ताजगंज में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस को कई बिंदुओं पर करन की कहानी संदिग्ध लगी।

7 मई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांशीराम आवास के पास से करन समेत उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में करन, भूदेव और राहुल शामिल हैं।

आईपीएल सट्टे में हार गया कंपनी का पैसा

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी करन ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह पिछले कुछ समय से ऑनलाइन गेम और आईपीएल मैचों में सट्टा लगा रहा था। सट्टेबाजी के चक्कर में उसने कंपनी की रकम गंवा दी। जब पैसे वापस करने का कोई रास्ता नहीं बचा तो उसने अपने साथियों भूदेव और राहुल के साथ मिलकर फर्जी लूटकांड की साजिश रच डाली।

एडीए हाइट्स के पास लूट की बनाई थी कहानी

योजना के तहत 4 मई को करन ने पुलिस को सूचना दी कि एडीए हाइट्स के पास दो अज्ञात बदमाशों ने उसकी गाड़ी रोक ली और बैग लूटकर फरार हो गए। शुरुआत में पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया, लेकिन जांच के दौरान घटनास्थल, समय और बयान में कई विरोधाभास सामने आए। पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की तो पूरी कहानी झूठी निकली।

रकम बांटने से पहले ही पुलिस ने दबोच लिया

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी गबन की गई रकम का आपस में बंटवारा करने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी करन पुत्र स्व. रमेश, दिल्ली निवासी है। भूदेव पुत्र सोवरन सिंह, मलपुरा, आगरा और राहुल पुत्र नरेश, मलपुरा, आगरा निवासी हैं। 

ऑनलाइन सट्टेबाजी ने पहुंचाया सलाखों के पीछे

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और आईपीएल बेटिंग युवाओं को तेजी से अपराध की ओर धकेल रही है। मामूली लालच में लोग गबन, धोखाधड़ी और झूठे मुकदमे तक दर्ज कराने से नहीं हिचक रहे।