जाट महासभा की मांगों पर मंत्री बेबी रानी मौर्य ने डीएम को दिए कार्रवाई के निर्देश, आगरा किले पर महाराजा सूरजमल-महाराजा जवाहर सिंह की प्रतिमा, सिकंदरा मेट्रो स्टेशन का नामकरण और राजा रतन सिंह की हवेली खोलने की उठाई गई है मांग

आगरा। अखिल भारतीय जाट महासभा द्वारा उठाई गई ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व की मांगों पर उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू करा दी। सर्किट हाउस में आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने जिलाधिकारी मनीष बंसल को तत्काल बुलाकर जाट महासभा के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता कराई तथा सभी मांगों पर आवश्यक एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंत्री ने अपनी संस्तुति के साथ संबंधित पत्र भी जिलाधिकारी को सौंप दिए।

Jun 21, 2026 - 08:31
 0
जाट महासभा की मांगों पर मंत्री बेबी रानी मौर्य ने डीएम को दिए कार्रवाई के निर्देश, आगरा किले पर महाराजा सूरजमल-महाराजा जवाहर सिंह की प्रतिमा, सिकंदरा मेट्रो स्टेशन का नामकरण और राजा रतन सिंह की हवेली खोलने की उठाई गई है मांग
सर्किट हाउस में जाट महासभा के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करतीं कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य। मौजूद हैं डीएम मनीष बंसल।

इन प्रमुख मांगों पर हुई चर्चा

अखिल भारतीय जाट महासभा ने कैबिनेट मंत्री के समक्ष प्रमुख रूप से आगरा किले के सामने महाराजा सूरजमल एवं महाराजा जवाहर सिंह की प्रतिमा स्थापित कराने, आगरा किला परिसर स्थित महाराजा सूरजमल के पुत्र एवं भरतपुर नरेश राजा रतन सिंह की ऐतिहासिक हवेली को पर्यटकों के लिए खोले जाने तथा निर्माणाधीन सिकंदरा मेट्रो स्टेशन का नाम वीर योद्धा रामकी चाहर एवं राजाराम जाट के नाम पर रखने की मांग रखी।

मुख्यमंत्री कार्यालय से पहले भी मांगी जा चुकी है रिपोर्ट

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि छपरौली से राष्ट्रीय लोकदल विधायक डॉ. अजय कुमार ने जिला अध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर के ज्ञापन के आधार पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर इन मांगों से संबंधित पत्र सौंपा था। इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय में सचिव राकेश कुमार सिंह ने 13 मई 2025 को प्रमुख सचिव पर्यटन विभाग के माध्यम से आगरा जिला प्रशासन से आगरा किले के समक्ष महाराजा सूरजमल एवं महाराजा जवाहर सिंह की प्रतिमा स्थापित किए जाने संबंधी 10 बिंदुओं पर विस्तृत आख्या मांगी थी। महासभा का आरोप है कि अब तक इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

डीएम को सौंपे गए सभी अभिलेख

कैबिनेट मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने सर्किट हाउस में जिलाधिकारी मनीष बंसल को बुलाकर प्रतिनिधिमंडल की बात विस्तार से सुनी। इसके बाद उन्होंने अपनी संस्तुति के साथ सभी संबंधित पत्र जिलाधिकारी को सौंपते हुए आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

वीर योद्धाओं की स्मृति को संरक्षित करने की मांग

महासभा ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया कि वर्ष 1788 में वीर योद्धा रामकी चाहर एवं राजाराम जाट ने सिकंदरा पर अधिकार कर वीर गोकुला जाट की शहादत का प्रतिशोध लिया था। ऐसे ऐतिहासिक योद्धाओं की स्मृति को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से निर्माणाधीन सिकंदरा मेट्रो स्टेशन का नाम 'वीर योद्धा रामकी चाहर सिकंदरा मेट्रो स्टेशन' रखे जाने की मांग की गई।

राजा रतन सिंह की हवेली पर्यटकों के लिए खोलने की अपील

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि आगरा किले में स्थित महाराजा सूरजमल के पुत्र एवं भरतपुर नरेश राजा रतन सिंह की ऐतिहासिक हवेली लंबे समय से पर्यटकों के लिए बंद है। अनुरक्षण के अभाव में यह धरोहर जर्जर होती जा रही है। इसे संरक्षित कर आम पर्यटकों के लिए खोला जाना चाहिए।

बैठक के अंत में अखिल भारतीय जाट महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने श्रीमती बेबी रानी मौर्य का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा मांगों पर सकारात्मक पहल के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल

प्रतिनिधिमंडल में अखिल भारतीय जाट महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुंवर शैलराज सिंह एडवोकेट, जिलाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर, महानगर अध्यक्ष गजेंद्र नरवार, महामंत्री लोकेन्द्र चौधरी, महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष श्रीमती निर्मल चाहर सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। इस अवसर पर श्रीमती बेबी रानी मौर्य के प्रतिनिधि यशपाल राणा एवं अभिनव मौर्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor