मानसून से पहले एक्शन मोड में प्रभारी मंत्री, अफसरों को दिए सख्त निर्देश

आगरा दौरे पर पहुंचे प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक कर मानसून से पहले नालों की सफाई और सड़कों के गड्ढे भरने के निर्देश दिए। उन्होंने दावा किया कि शहर की प्रमुख विकास योजनाएं सितंबर तक पूरी कर ली जाएंगी। शिवाजी म्यूजियम और फतेहपुर सीकरी में साउंड एंड लाइट शो को लेकर भी तैयारियां तेज करने की बात कही। स्वास्थ्य सेवाओं, भ्रष्टाचार और राजनीतिक मुद्दों पर भी मंत्री ने सख्त रुख दिखाया।

May 22, 2026 - 20:43
 0
मानसून से पहले एक्शन मोड में प्रभारी मंत्री, अफसरों को दिए सख्त निर्देश
प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह बैठक के दौरान जिलाधिकारी को निर्देश देते हुए। नीचे चित्र में जनप्रतिनिधियों के संग बैठक करते हुए।

नाले साफ करने, गड्ढे भरने और विकास कार्य सितंबर तक पूरे करने के निर्देश

आगरा। आगरा के प्रभारी मंत्री और उत्तर प्रदेश सरकार में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह शुक्रवार को आगरा पहुंचे, जहां उन्होंने सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में शहर के विकास कार्यों, मानसून की तैयारियों, स्वास्थ्य सेवाओं और पर्यटन परियोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

आगामी मानसून को देखते हुए मंत्री ने नगर निगम और संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर के सभी प्रमुख नालों की समय रहते सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति किसी भी हालत में नहीं बननी चाहिए। इसके साथ ही शहर की टूटी सड़कों और गड्ढों को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द दुरुस्त करने के आदेश दिए गए।

बैठक में मंत्री ने आगरा में चल रही प्रमुख विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कार्यों की प्रगति रिपोर्ट मांगी। उन्होंने दावा किया कि शहर में चल रही सभी बड़ी परियोजनाओं को सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। पर्यटन विकास को लेकर भी मंत्री ने कई अहम बातें कहीं। उन्होंने शिवाजी म्यूजियम निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि परियोजना तय समय सीमा में पूरी होगी और जल्द ही पर्यटक इसका लाभ उठा सकेंगे। 

उन्होंने कहा कि फतेहपुर सीकरी में आगरा फोर्ट की तर्ज पर साउंड एंड लाइट शो शुरू करने की तैयारी तेज़ी से चल रही है। सरकार का उद्देश्य पर्यटन को नया आकर्षण देना और आगरा आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ाना है।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मंत्री का रुख काफी सख्त दिखाई दिया। उन्होंने एत्मादपुर में लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से बने स्वास्थ्य केंद्र में 16 दिनों के भीतर डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन बन जाने के बाद भी यदि स्वास्थ्य सेवाएं शुरू नहीं होती हैं तो इसका कोई औचित्य नहीं रह जाता। स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं समय पर मिलनी चाहिए।

राजनीतिक मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी के कथित जातीय बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज के खिलाफ टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है और ऐसे बयान संबंधित दल की मानसिकता और संस्कृति को दर्शाते हैं। वहीं चंबल टूरिज्म घोटाले पर मंत्री ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही बड़ी कार्रवाई देखने को मिलेगी। उन्होंने साफ कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

बैठक के बाद मंत्री ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ अलग से संगठनात्मक बैठक भी की, जिसमें विकास योजनाओं और पार्टी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।