आगरा में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, दबंगों ने दंपति पर लाठी-डंडों और पत्थरों से किया हमला, वीडियो वायरल

आगरा के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के संजीव नगर में मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। आरोप है कि सुरेश, रामनरेश और नीरज सहित कुछ लोगों ने दंपति सतेन्द्र और उनकी पत्नी पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। घायल दंपति ने थाने में तहरीर दी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Mar 6, 2026 - 22:50
 0
आगरा में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, दबंगों ने दंपति पर लाठी-डंडों और पत्थरों से किया हमला, वीडियो वायरल
दंपति के साथ मारपीट करते दबंग।

आगरा। आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के संजीव नगर इलाके में मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ झगड़ा हिंसक हो गया। आरोप है कि दबंग पक्ष के लोगों ने दंपति पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पीड़ित सतेन्द्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि इलाके में मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी बात से नाराज होकर दूसरे पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया।

आरोप है कि सुरेश, रामनरेश और नीरज पुत्र ओमप्रकाश सहित कुछ अन्य लोगों ने मिलकर सतेन्द्र और उनकी पत्नी पर हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से दंपति को बेरहमी से पीटा। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

मारपीट की घटना का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग दंपति को घेरकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद घायल दंपति थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और पीड़ित की तहरीर के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।