आगरा में विधायक पुत्र पर टोलकर्मी से मारपीट का केस दर्ज, सीसीटीवी फुटेज बना सबूत

आगरा के अछनेरा थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा पर विवाद के बाद विधायक चौधरी बाबूलाल के बेटे सुरेश चौधरी के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का मुकदमा दर्ज हुआ है। टोल फ्री कराने को लेकर हुए विवाद की घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Feb 28, 2026 - 19:45
 0
आगरा में विधायक पुत्र पर टोलकर्मी से मारपीट का केस दर्ज, सीसीटीवी फुटेज बना सबूत
फाइल फ़ोटो

आगरा। आगरा में टोल प्लाजा पर हुई मारपीट की घटना ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। दो दिन के बवाल के बाद फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक  चौधरी बाबूलाल के बेटे सुरेश चौधरी के खिलाफ टोल कर्मचारी के साथ मारपीट और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला थाना अछनेरा क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, बीते दिनों टोल फ्री कराने को लेकर सुरेश चौधरी और टोल कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान कहासुनी बढ़ी और मारपीट की नौबत आ गई। पीड़ित टोलकर्मी ने आरोप लगाया कि उसके साथ हाथापाई की गई और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।

घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका फुटेज अब पुलिस के लिए अहम साक्ष्य माना जा रहा है। फुटेज सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुरेश चौधरी के खिलाफ मारपीट और आपराधिक धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना अछनेरा पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस प्रकरण के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने मामले को लेकर सवाल उठाए हैं, जबकि पुलिस निष्पक्ष जांच का भरोसा दिला रही है। इधर टोलकर्मी के परिजनों ने कार्रवाई न होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी थी।