ढाकरान चौराहे पर नाले का पानी रुकने पर एमएलसी विजय शिवहरे का दखल, मेट्रो चार फीट व्यास के पाइप को नाले से जोड़कर समाधान करेगा
आगरा के ढाकरान चौराहे पर नाले का पानी रुकने से हुए जलभराव की समस्या को लेकर एमएलसी विजय शिवहरे ने मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया और मेट्रो अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद स्थायी समाधान के लिए चार फीट पाइप के जरिए नाले को मुख्य नाले से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कराने का भरोसा दिया गया है।
आगरा। क्षेत्रीय जनता की शिकायत पर एमएलसी विजय शिवहरे ने विगत दिनों ढाकरान चौराहे का निरीक्षण किया। यहां नाले का पानी रुकने से जलभराव की स्थिति बनी हुई थी, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। निरीक्षण के दौरान मेट्रो अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया और स्थिति का गहन जायजा लिया गया।
एमएलसी विजय शिवहरे ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्या उनके लिए सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश देते हुए समस्या के स्थायी समाधान के लिए पत्र भी जारी करवाया।
उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय जनता की मांग थी कि मेट्रो पिलर निर्माण के दौरान ढाकरान चौराहे पर स्थित नाले में डाले जा रहे दो फीट के पाइप का आकार बढ़ाकर चार फीट किया जाए और इसे सीधे मुख्य नाले से जोड़ा जाए। इस संबंध में उन्होंने मेट्रो अधिकारियों के साथ क्षेत्रीय जनता की बैठक कराई थी।
मेट्रो रेल परियोजना के निदेशक अरविंद कुमार राय ने पत्र के माध्यम से जानकारी दी है कि मेट्रो पिलर का निर्माण कार्य पूरा होते ही ढाकरान चौराहे पर सीवर लाइन को चार फीट व्यास के पाइप से स्थायी रूप से मुख्य नाले से जोड़ दिया जाएगा, जिससे जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।