एमजी रोड से सौहार्दपूर्ण ढंग से मजार के स्थानांतरण पर एमएलसी विजय शिवहरे ने पुलिस आयुक्त को सराहा
आगरा। शहर की प्रमुख यातायात धुरी एमजी रोड पर आगरा कॉलेज के सामने सड़क के बीच स्थित मजार का प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी सहमति के साथ सफलतापूर्वक स्थानांतरण किए जाने पर विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे ने उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस-प्रशासन की सराहना की है। उन्होंने कहा कि वर्षों से यातायात में बाधा बन रही इस समस्या का समाधान सामाजिक समरसता और जनसहयोग के साथ किया गया, जो प्रशासनिक दक्षता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
यातायात बाधा दूर होने से मिलेगी बड़ी राहत
विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे ने कहा कि एमजी रोड पर आगरा कॉलेज के सामने सड़क के मध्य स्थित मजार लंबे समय से यातायात बाधित कर रही थी। इसके कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी और इसे हटाने की मांग लगातार उठ रही थी। प्रशासन ने सभी पक्षों की सहमति से मजार का स्थानांतरण कर उसे सामने स्थित बड़ी मजार में स्थापित कराया, जिससे अब यातायात सुगम होने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
भाईचारे के साथ संपन्न हुई पूरी कार्रवाई
उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पुलिस और प्रशासन की कड़ी निगरानी तथा सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। विशेष बात यह रही कि हिंदू और मुस्लिम समाज के लोगों ने आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और सहयोग की भावना का परिचय देते हुए इस कार्य को सफल बनाया, जिससे पूरे शहर में सकारात्मक संदेश गया।
मुख्यमंत्री और पुलिस कमिश्नर का जताया आभार
विजय शिवहरे ने इस पहल के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था, सुशासन और जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता पर हैं। उन्होंने आगरा पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और संवेदनशील प्रशासनिक कार्यशैली की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन में यह महत्वपूर्ण कार्य बिना किसी तनाव के सफलतापूर्वक पूरा हुआ।
जनहित और प्रशासनिक संवेदनशीलता का उदाहरण
विजय शिवहरे ने कहा कि यह कार्रवाई इस बात का प्रमाण है कि जब प्रशासन निष्पक्षता, संवेदनशीलता और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ कार्य करता है तो जनहित से जुड़े बड़े निर्णय भी सामाजिक समरसता और भाईचारे के वातावरण में सफलतापूर्वक लागू किए जा सकते हैं। उन्होंने इसे आगरा के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायी पहल बताया।