मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और सामाजिक न्याय का स्वर्णिम अध्याय: विकसित भारत सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने गिनाईं उपलब्धियां, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण और मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण भी किया
आगरा। भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर के तत्वावधान में खंदारी स्थित जेपी सभागार में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने सेवा, सुशासन, सामाजिक न्याय और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का राष्ट्रीय संकल्प है।
डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि 10 जून 2026 भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का महत्वपूर्ण दिन रहा, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार 4,399 दिनों तक देश की सेवा करने वाले पहले निर्वाचित प्रधानमंत्री बने। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए, 58 करोड़ से अधिक जनधन खाते खोले गए, 51 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंची तथा 81 करोड़ लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की दिशा में सरकार ने सशक्तिकरण की नीति अपनाई है। 31 करोड़ से अधिक श्रमिक ई-श्रम पोर्टल से जुड़े हैं, गिग व प्लेटफॉर्म श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाया गया है तथा पीएम जनमन योजना के माध्यम से जनजातीय समाज तक विकास पहुंचाया जा रहा है।
महिला सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, स्वयं सहायता समूह, लखपति दीदी और सुकन्या समृद्धि योजना ने महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत किया है। वहीं आयुष्मान भारत योजना के तहत 43 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं और करोड़ों लोगों को मुफ्त इलाज मिला है। चिकित्सा शिक्षा में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 850 से अधिक हो चुकी है तथा भारत दुनिया का सबसे बड़ा जेनेरिक दवा आपूर्तिकर्ता बन गया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से 11 करोड़ से अधिक किसानों को 4.3 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से लाखों पारंपरिक कारीगर लाभान्वित हो रहे हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नया भारत अपनी सुरक्षा के प्रति पूरी तरह सक्षम है।
राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि विकसित भारत-2047 अब प्रत्येक भारतीय का संकल्प बन चुका है। वहीं विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है।
सम्मेलन से पूर्व भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री ने लाजपत कुंज पार्क के बाहर स्वच्छता अभियान चलाया तथा 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण किया। इसके बाद उन्होंने आरबीएस कॉलेज मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
सम्मेलन में मौजूद केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने 30 जून को एत्मादुपर में लोकमाता अहिल्याबाई प्रतिमा स्थापना समारोह में भाग लेने की अपील की। विधायक जी.एस. धर्मेश, पूर्व सांसद प्रभुदयाल कठेरिया, नागेंद्र गामा, मनवीर चौहान, टीएन अग्रवाल, महेश शर्मा, नीतेश शिवहरे, दीपू जादोन, मनमोहन कुशवाह, रोहित कत्याल, विक्रांत तिवारी, बॉबी लाले, हरिओम बघेल, शरद चौहान, अनिल सारस्वत, शशांक ठाकुर, विजय श्रीवास्तव, के.के. सिकरवार, गया प्रसाद लोधी, हिमांशु मिश्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।