पुरुषोत्तम मास में श्रीमनःकामेश्वर मठ के श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ के लिए भूमि पूजन, आगरा में 17 से 24 मई तक होगा आयोजन
आगरा में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर आध्यात्मिक चेतना का आयोजन आकार ले चुका है। श्रीमनःकामेश्वर मंदिर मठ द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ के लिए यमुना किनारा स्थित कथा स्थल पर विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ, जिसमें मंत्रोच्चार और हवन के बीच आयोजन की शुरुआत की गई।
आगरा। यमुना किनारा रोड, ताज व्यू गार्डन फेस-1 स्थित कथा स्थल पर रविवार को श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कथा व्यास श्रीमनःकामेश्वर मंदिर के महंत योगेश पुरी एवं मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन और गौ पूजन कर आयोजन का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को संस्कारवान बनाते हैं और सनातन परंपराओं को मजबूती प्रदान करते हैं।
पुरुषोत्तम मास का महत्व और भव्य आयोजन की तैयारी
महंत योगेश पुरी ने बताया कि पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) प्रत्येक तीन वर्ष में आता है और भगवान विष्णु को समर्पित होने के कारण इसका विशेष महत्व है। इस अवधि में श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है।
उन्होंने बताया कि पहली बार मंदिर परिसर से बाहर इतने विशाल स्तर पर यह आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन लगभग 2 से 2.5 हजार श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। कथा के दौरान भगवान विष्णु के 24 अवतारों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा।
महाकुंभ जैसी व्यवस्था, द्वादश ज्योतिर्लिंग होंगे आकर्षण का केंद्र
मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने जानकारी दी कि लगभग 200 गज क्षेत्र में पूर्ण वातानुकूलित भव्य कथा मंडपम तैयार किया जा रहा है। महाकुंभ की तर्ज पर परिसर में अलग-अलग कुटियाओं का निर्माण होगा, जिनमें भोजनालय, अतिथि गृह और ब्राह्मण कक्ष जैसी व्यवस्थाएं रहेंगी।
उन्होंने बताया कि आयोजन का प्रमुख आकर्षण द्वादश ज्योतिर्लिंगों की प्रतिकृतियां होंगी, जिन्हें उनके वास्तविक स्वरूप के अनुरूप स्थापित किया जाएगा। साथ ही मंच पर भगवान विष्णु के 24 अवतारों के स्वरूप भी विराजमान रहेंगे।
17 से 24 मई तक चलेगा आयोजन, निकलेगी भव्य कलश यात्रा
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार 17 मई को प्रातः 7 बजे मठ से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए कथा स्थल तक पहुंचेगी।
इसके बाद 18 मई से 24 मई तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से “हरि इच्छा” तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा।
बच्चों के लिए संस्कार शिविर भी होगा
बच्चों में संस्कारों के विकास के लिए 7 दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर का आयोजन किया जाएगा, जो प्रतिदिन प्रातः 7 से 9 बजे तक चलेगा। इसमें वैदिक ज्ञान, यज्ञ, योग, मार्शल आर्ट, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय परंपराओं की शिक्षा दी जाएगी।
विशेष रूप से एक 7 वर्षीय बालक द्वारा गीता के श्लोक सिखाने की व्यवस्था भी रहेगी, साथ ही बच्चों को पक्षियों के लिए जलपात्र वितरित किए जाएंगे।
इस अवसर पर पार्षद रवि माथुर, अनुज शर्मा, राकेश जैन, अनुराग चतुर्वेदी, एडवोकेट संजय कप्तान, सोहार्द शर्मा, राहुल चतुर्वेदी, अनूप यादव, सुधीर यादव, हितार्थ सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।