लक्ष्य एसोसिएशन की मासिक बैठक में शिक्षा, संगठन विस्तार और संस्था के भवन पर हुआ मंथन
आगरा। लोधी क्षत्रिय एम्प्लॉयज़ एसोसिएशन (लक्ष्य) आगरा की मासिक बैठक अध्यक्ष किशोरी सिंह राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत स्वामी ब्रह्मानन्द, वीरांगना अवंती बाई लोधी और गुलाब सिंह लोधी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई।
बैठक में संस्था के संविधान संशोधन के लिए गठित समिति के अध्यक्ष सतीश राजपूत ने बताया कि अब तक किसी सदस्य का कोई सुझाव प्राप्त नहीं हुआ है। इस पर सदस्यों के अनुरोध पर सर्वसम्मति से सुझाव देने की अवधि को अगली बैठक तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
इस दौरान भीम सिंह ने अधिवेशन के दौरान बनवाए गए मोमेंटों के खर्च को लेकर दो बिल प्रस्तुत कर भुगतान करने के प्रयास का मुद्दा उठाया। इसके जवाब में पूर्व कोषाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि किसी प्रकार का डबल भुगतान नहीं हुआ है, जिस पर भीम सिंह सहित अन्य सदस्य सहमत हो गए।
बैठक में देवी सिंह (ऑडिटर) ने नवोदय कोचिंग प्रारंभ करने का सुझाव दिया। उन्होंने ग्राम व्यारा में एक कोचिंग शुरू कर उसे संस्था द्वारा गोद लेने की बात कही। वहीं तहसील किरावली के अध्यक्ष सोहन लाल ने ग्राम पतसार में कोचिंग क्लास शुरू करने पर सहमति जताई। अध्यक्ष किशोरी सिंह राजपूत ने भी एक कोचिंग गोद लेने की अपनी सहमति व्यक्त की।
विगत बैठक में भीम सिंह द्वारा ग्राम श्यामों स्थित रानी अवंती बाई लोधी इंटर कॉलेज में लक्ष्य भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था। इस बैठक में कॉलेज के अध्यक्ष महाराज सिंह भी उपस्थित रहे। उनसे भूमि प्रस्ताव को कॉलेज समिति से स्वीकृत कराने का अनुरोध किया गया, जिस पर उन्होंने एक सप्ताह में विचार-विमर्श कर निर्णय लेने का आश्वासन दिया। इस कार्य के लिए भीम सिंह को अध्यक्ष और समिति के साथ समन्वय स्थापित कर आगे की कार्रवाई के लिए अधिकृत किया गया।
बैठक में गुलाब सिंह लोधी ने सुझाव दिया कि जिन तहसीलों में अभी तक समितियों का गठन नहीं हुआ है, वहां जल्द से जल्द समितियां बनाई जाएं। वहीं दर्याब सिंह लोधी (अमीन साहब) ने कहा कि लक्ष्य के सभी सदस्य अपने नाम के साथ-साथ परिवार के सदस्यों के नाम के साथ भी ‘लोधी’ अवश्य लिखें।
बैठक के दौरान पूर्व कोषाध्यक्ष सोबरन सिंह ने विगत वर्षों का व्यय विवरण नवनिर्वाचित कोषाध्यक्ष को सौंपा। इस पर समिति ने निर्णय लिया कि ऑडिटर से ऑडिट कराकर विस्तृत विवरण प्राप्त किया जाए।
अंत में सभी सदस्यों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक का समापन किया गया। इस अवसर पर सभी सदस्यों ने चंदन तिलक लगाकर एक-दूसरे को गले मिलते हुए होली की शुभकामनाएं दीं।