चांद नहीं दिखा, अब 21 को सजेगी ईद—बरेली में जुमा-तुल-विदा की नमाज़ आज, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। बरेली में बहुप्रतीक्षित ईद का चाँद गुरुवार को नजर नहीं आया, जिससे अब ईद-उल-फितर 21 मार्च, शनिवार को मनाई जाएगी। शुक्रवार 20 मार्च को रमज़ान का आखिरी जुमा यानी जुमा-तुल-विदा की नमाज़ अदा की जाएगी। चाँद न दिखने के साथ ही धार्मिक गतिविधियों के साथ प्रशासनिक तैयारियां भी तेज हो गई हैं।
दरगाह आला हजरत पर नहीं दिखा चांद, 30 रोजों का फैसला
दरगाह आला हजरत पर गुरुवार को चाँद देखने का विशेष इंतजाम किया गया था, लेकिन आसमान में चाँद दिखाई नहीं दिया।
दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि चाँद नजर न आने के कारण 30 रोजों का एहतियात रखा जाएगा।
वहीं सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने घोषणा की कि अब ईद-उल-फितर 21 मार्च शनिवार को मनाई जाएगी, जबकि 20 मार्च को जुमा-तुल-विदा की नमाज़ अदा की जाएगी।
इस बार रमज़ान में पड़े 5 जुमा, खास बना आखिरी शुक्रवार
नासिर कुरैशी के अनुसार वर्ष 1999-2000 के बाद यह पहला अवसर है जब रमज़ान के महीने में 5 जुमा पड़े हैं। ऐसे में 20 मार्च का जुमा-तुल-विदा विशेष महत्व रखता है और बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के शामिल होने की संभावना है।
ईदगाह में तैयारियां तेज, प्रशासन अलर्ट
आगामी नमाज़ और ईद पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
एसपी सिटी मानुष पारीक और एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने बाकरगंज स्थित ईदगाह परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधन जैसे सभी बिंदुओं पर बारीकी से समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शांतिपूर्ण नमाज़ के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जुमा-तुल-विदा और ईद दोनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और आमजन को कोई असुविधा न उठानी पड़े।
धार्मिक उल्लास के बीच प्रशासनिक सतर्कता
चाँद न दिखने के कारण जहां एक ओर ईद की तारीख आगे बढ़ी है, वहीं दूसरी ओर शहर में धार्मिक उल्लास के साथ प्रशासनिक सतर्कता भी चरम पर है। अब बरेली में 21 मार्च को ईद की रौनक देखने को मिलेगी, जबकि शुक्रवार को जुमा-तुल-विदा पर मस्जिदों और ईदगाहों में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।