मदर्स डे पर यमुना मैया की आराधना, दुग्धाभिषेक, भव्य आरती और भजनों के बीच उठा नदी संरक्षण का संकल्प, रिवर कनेक्ट कैंपेन ने दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश

आगरा। मदर्स डे के अवसर पर रविवार शाम यमुना आरती स्थल श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक चेतना का केंद्र बन गया, जब रिवर कनेक्ट कैंपेन द्वारा मां यमुना को समर्पित विशेष सेवा, पूजा और आरती कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शीतल मंद बयार, यमुना का शांत किनारा और दीपों की जगमगाहट ने पूरे वातावरण को अलौकिक आभा से भर दिया। बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालुओं ने मां यमुना की आराधना कर मदर्स डे को आध्यात्मिक उत्सव के रूप में मनाया।

May 10, 2026 - 21:40
 0
मदर्स डे पर यमुना मैया की आराधना, दुग्धाभिषेक, भव्य आरती और भजनों के बीच उठा नदी संरक्षण का संकल्प, रिवर कनेक्ट कैंपेन ने दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश
मदर्स डे पर यमुना तट पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद यमुना भक्त। 

कार्यक्रम का शुभारंभ मां यमुना के दुग्धाभिषेक, विशेष पूजा और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से अर्चना कर यमुना मैया से सुख, समृद्धि और पर्यावरण संरक्षण की प्रार्थना की। इसके बाद दीपों और घंटियों की गूंज के बीच भव्य यमुना आरती हुई, जिसने पूरे घाट को भक्तिमय ऊर्जा से सराबोर कर दिया।

यमुना केवल नदी नहीं, हमारी सांस्कृतिक आत्मा हैं- बृज खंडेलवाल

रिवर कनेक्ट कैंपेन के संयोजक बृज खंडेलवाल ने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और जीवन की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मां अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है, उसी तरह यमुना सदियों से समाज को जल, जीवन और आस्था देती आई हैं।

उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि आज यही जीवनदायिनी नदी प्रदूषण और उपेक्षा का दर्द झेल रही है। उन्होंने नागरिकों से यमुना संरक्षण को जन आंदोलन बनाने और नदी स्वच्छता के लिए आगे आने का आह्वान किया।

भजनों और कराओके प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, नदी स्वच्छता और जल बचाने की आवश्यकता पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। इसके बाद श्री विशाल झा के निर्देशन में भजन, सामूहिक गायन और कराओके प्रस्तुतियों ने माहौल को और जीवंत बना दिया।

पंडित हरि दत्त शर्मा ने मां यमुना के सम्मान में भावपूर्ण भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उपस्थित लोगों ने भी मां यमुना की महिमा से जुड़े गीत गाकर सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित की।

इन गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में सर्वश्री राज कुमार माहेश्वरी, डॉ. मुकुल पांड्या, डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य, डॉ. हरेंद्र गुप्ता, डॉ. मुनीश्वर गुप्ता, गोस्वामी नंदन श्रोतरीय, डॉ. ज्योति खंडेलवाल, चतुर्भुज तिवारी, सतीश गुप्ता, दीपक राजपूत, पद्मिनी अय्यर, मीरा खंडेलवाल, मुकेश चौधरी, होतेंद्र सिंह और अमित लवानिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor