आगरा में ईदगाह बस स्टेशन के पास चलती बस बनी आग का गोला, गंगा स्नान के लिए जा रहे 50 से अधिक श्रद्धालुओं ने कूदकर बचाई अपनी जान, मिनटों में जलकर खाक हुई पूरी बस
आगरा। आगरा के ईदगाह बस स्टैंड के पास सोमवार को पूर्वाह्न में उस समय हड़कंप मच गया, जब गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। बस के बोनट से पहले धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बस में सवार 50 से अधिक यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। चालक की सूझबूझ और कुछ यात्रियों की तत्परता से सभी लोग समय रहते बस से बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस ईदगाह बस स्टैंड के पास पहुंची ही थी कि अचानक इंजन की तरफ से धुआं उठने लगा। चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया। कुछ ही क्षणों में बोनट से उठी लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री अपनी जान बचाने के लिए तुरंत बस से नीचे उतर गए।
घटना के दौरान आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने भी तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने घबराए यात्रियों, महिलाओं और बुजुर्गों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी श्रद्धालु सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हादसे के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित रहा और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी को माना जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।