चलती कार धू-धू कर जलने लगी: आगरा के व्यस्त रामनगर कॊलोनी-चर्च रोड पर फैली अफरा-तफरी
आगरा। शहर के हरीपर्वत थाना क्षेत्र के व्यस्ततम चर्च रोड (रामनगर कॉलोनी) में बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर चल रही एक कार में अचानक आग लग गई। कार के अगले हिस्से से धुआं उठता देख उसमें सवार लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, लेकिन कुछ ही पलों में गाड़ी आग के गोले में तब्दील हो गई।

कार में आग लगने से जहां की तहां खड़े हो गये लोग।
धुएं से लपटों तक, मिनटों में भड़की आग
घटना प्रेस्टीज स्टोर और वीके वर्तन भंडार के बीच की है, जहां अचानक कार के बोनट से धुआं उठता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए कार सवार तुरंत बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार लपटों में घिर गई।
सड़क पर थमे कदम, ब्लास्ट का डर
कार में लगी आग के कारण चर्च रोड पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। राहगीर और वाहन चालक जहां के तहां रुक गए। कई लोग किनारे से निकलने की कोशिश करते दिखे, लेकिन अधिकांश लोगों में यह डर बना रहा कि कहीं ईंधन टैंक में विस्फोट न हो जाए।
फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
प्रेस्टीज स्टोर के स्वामी राजीव जैन ने बताया कि कार में आग लगने पर पहले अग्निशमन यंत्र की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन कामयाबी न मिलने पर फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची फायर सर्विस की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। इस दौरान आसपास के दुकानदार भी दहशत में नजर आए और अपने प्रतिष्ठानों से बाहर निकल आए।
गनीमत रही कि कार सवारों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।