आगरा के छलेसर में हाईवे पर चलती कार बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान; देखते ही देखते जलकर राख हुई गाड़ी

आगरा। आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

Jun 30, 2026 - 22:06
 0
आगरा के छलेसर में हाईवे पर चलती कार बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान; देखते ही देखते जलकर राख हुई गाड़ी
आगरा के छलेसर में हाईवे पर धू-धू कर जलती कार।

घटना थाना एत्मादपुर क्षेत्र के छलेसर की है। जानकारी के अनुसार एक कार सड़क पर गुजर रही थी, तभी अचानक उसमें धुआं उठने लगा। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही कार से लपटें निकलने लगीं। खतरे को भांपते हुए चालक ने तत्काल वाहन रोककर बाहर छलांग लगा दी।

चालक के बाहर निकलते ही आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी देर तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

कार में लगी आग के कारण बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने स्थिति को सामान्य कराया और यातायात सुचारु कराया।

पुलिस के अनुसार कार में आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor