चलती कार बनी आग का गोला, धुआं उठते ही चालक और साथी ने लगाई छलांग, बाल-बाल बची जान
आगरा के इनर रिंग रोड की सर्विस रोड पर चलती कार में अचानक आग लग गई। धुआं उठते ही चालक और उसके साथी ने तुरंत कार से कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
आगरा। शहर के इनर रिंग रोड पर बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शमशाबाद रोड की ओर जा रही एक चलती कार में अचानक धुआं उठने लगा। धुआं निकलता देख चालक और उसके साथ मौजूद युवक ने बिना देर किए कार रोककर बाहर छलांग लगा दी। उनकी सूझबूझ के चलते दोनों की जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार से पहले धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों से घिर गई। सड़क पर आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने सुरक्षित दूरी बना ली और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
बताया गया है कि कार में सवार दोनों युवक थाना एकता क्षेत्र के कहरई के निवासी हैं। घटना उस समय हुई जब वे इनर रिंग रोड की सर्विस रोड से शमशाबाद रोड की ओर जा रहे थे। समय रहते वाहन से बाहर निकल जाने के कारण दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह कार में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इस घटना के चलते कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने लोगों की मदद से स्थिति को सामान्य कराया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।