पीलीभीत में प्लास्टिक सामान लदे चलते ट्रक में लगी आग,केबिन में ही जिंदा जल गया ट्रक को चला रहा मालिक

जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया। पीलीभीत-पूर्णपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-730) पर प्लास्टिक के टुकड़ों से लदे एक चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। प्लास्टिक का सामान होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और ट्रक चालक, जो ट्रक मालिक भी थे, को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक चालक की जिंदा जलकर मौत हो चुकी थी। केबिन से बरामद जले शव की पहचान रामपुर के बिलासपुर निवासी ट्रक मालिक बलविंदर सिंह के रूप में हुई है।

Jul 11, 2026 - 11:35
 0
पीलीभीत में प्लास्टिक सामान लदे चलते ट्रक में लगी आग,केबिन में ही जिंदा जल गया ट्रक को चला रहा मालिक
पीलीभीत-पर्णपुर हाईवे पर शुक्रवार रात धू-धू कर जलता ट्रक।

-आरके सिंह-

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत-पूर्णपुर एनएच-730 पर शुक्रवार देर रात हुए इस भीषण हादसे में प्लास्टिक के टुकड़ों से भरे ट्रक में अचानक आग लगने से ट्रक मालिक बलविंदर सिंह (50) की जिंदा जलकर मौत हो गई। बलविंदर सिंह ही ट्रक को चलाकर ले जा रहा था। हादसा इतना भयावह था कि कुछ ही देर में पूरा ट्रक आग का गोला बन गया और चालक केबिन से बाहर नहीं निकल सका।

पूरनपुर कोतवाली प्रभारी पवन पांडे ने बताया कि हादसा शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में बड़ी नहर और धन्ना गुरुद्वारे के बीच हुआ। पुलिस के अनुसार ट्रक संख्या JH02K-9750 शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे पीलीभीत से पूरनपुर की ओर जा रहा था। ट्रक में भारी मात्रा में प्लास्टिक के टुकड़े लदे थे, जिन्हें नेपाल बॉर्डर की ओर डिलीवरी के लिए ले जाया जा रहा था।

चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। प्लास्टिक का सामान होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही मिनटों में पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को वाहन से बाहर निकलने का अवसर ही नहीं मिल पाया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी देर तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद जब ट्रक के केबिन की तलाशी ली गई तो उसमें एक व्यक्ति का पूरी तरह जला हुआ शव मिला।

प्रारंभिक जांच के बाद शव की पहचान रामपुर जिले के बिलासपुर निवासी बलविंदर सिंह (50) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार बलविंदर सिंह ट्रक के मालिक भी थे और स्वयं ही वाहन चलाते थे। शुक्रवार को वह ट्रक में प्लास्टिक का सामान लादकर नेपाल सीमा की ओर डिलीवरी के लिए रवाना हुए थे।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। उनके पुत्र प्रीत (20) और परदीप (22) सहित अन्य परिवारजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।

कोतवाली प्रभारी पवन पांडे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जले हुए ट्रक को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट सहित सभी संभावित कारणों को जांच के दायरे में रखा गया है।

अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगा कि चलते ट्रक में आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी।

SP_Singh AURGURU Editor