सांसद नवीन जैन ने आगरा में स्वगणना कर मतगणना प्रक्रिया के पहले चरण का किया शुभारम्भ
आगरा। लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और जनविश्वास को मजबूत करने की दिशा में राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने गुरुवार को आगरा के कमला नगर स्थित केंद्र पर मतगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत स्वगणना प्रक्रिया का औपचारिक शुभारम्भ किया। इस दौरान उन्होंने निर्धारित प्रपत्र भरकर प्रक्रिया की शुरुआत की। कार्यक्रम तहसीलदार सदर अनिल चौधरी की उपस्थिति में प्रशासनिक दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न हुआ।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्षता, पारदर्शिता और जनविश्वास पर आधारित होती है। मतगणना जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया का प्रत्येक चरण नियमसम्मत और पारदर्शी ढंग से संपन्न होना लोकतांत्रिक परंपराओं को और अधिक सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन और जनगणना जैसी प्रक्रियाएं केवल प्रशासनिक कार्य नहीं हैं, बल्कि जनता के विश्वास और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक हैं।
सांसद नवीन जैन ने आगरा प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। विशेष रूप से तहसीलदार सदर अनिल चौधरी एवं संबंधित अधिकारियों के सहयोग और समन्वय की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है। स्वगणना प्रक्रिया के दौरान नियमों का पालन और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, जिससे आम नागरिकों का लोकतंत्र के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। साथ ही आमजन में जनगणना के प्रति जागरूकता बढ़े और लोग अपनी आवश्यक निजी जानकारियां उपलब्ध कराने में सहज महसूस करें।