महाकाल भक्तों के लिए आगरा–उज्जैन–इंदौर वंदे भारत ट्रेन चलाने को सांसद नवीन जैन ने रेल मंत्री को लिखा पत्र
आगरा से मध्य प्रदेश के उज्जैन और इंदौर के बीच तेज और सुविधाजनक रेल सेवा शुरू कराने की मांग उठी है। राज्यसभा सदस्य नवीन जैन ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर श्रद्धालुओं और यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस मार्ग पर नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन संचालित करने की मांग की है।
आगरा। आगरा से मध्य प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और व्यापारिक शहरों उज्जैन तथा इंदौर के लिए तेज और आधुनिक रेल सेवा शुरू कराने की मांग को लेकर राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। उन्होंने इस मार्ग पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का अनुरोध करते हुए कहा कि इससे श्रद्धालुओं, पर्यटकों और व्यापारिक यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
सांसद नवीन जैन ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि आगरा शहर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में शिवभक्त निवास करते हैं। मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में विराजमान बाबा महाकाल के दर्शन के प्रति आगरा और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु समय-समय पर उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन करने जाते हैं।
उन्होंने बताया कि आगरा, इंदौर और उज्जैन के बीच धार्मिक यात्राओं के साथ-साथ व्यापारिक और सामाजिक गतिविधियां भी लगातार बढ़ रही हैं। इसके चलते इस मार्ग पर यात्रियों की संख्या भी निरंतर बढ़ती जा रही है। बावजूद इसके वर्तमान में इस रूट पर तेज और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध नहीं है, जिससे यात्रियों और श्रद्धालुओं को लंबी यात्रा और समय की परेशानी झेलनी पड़ती है।
सांसद नवीन जैन ने रेल मंत्री से आग्रह किया है कि श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आगरा से इंदौर और उज्जैन मार्ग पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन संचालित की जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि यह ट्रेन प्रातःकाल आगरा से इंदौर के लिए रवाना हो और सायंकाल इंदौर से आगरा के लिए वापसी सेवा संचालित की जाए।
सांसद का कहना है कि इस नई ट्रेन सेवा से बाबा महाकाल के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही आगरा, उज्जैन और इंदौर के बीच पर्यटन, व्यापार और सामाजिक संपर्क को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।