सांसद राज कुमार चाहर को मिला अंतरराष्ट्रीय मंच, भारत–ऑस्ट्रेलिया मैत्री संसदीय समूह में दी गई जगह

आगरा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा गठित संसदीय मैत्री समूहों में से एक अहम भारत–ऑस्ट्रेलिया मैत्री समूह में फतेहपुर सीकरी के सांसद राज कुमार चाहर को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। यह नियुक्ति न सिर्फ आगरा बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए भी राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।

Feb 26, 2026 - 14:00
 0
सांसद राज कुमार चाहर को मिला अंतरराष्ट्रीय मंच, भारत–ऑस्ट्रेलिया मैत्री संसदीय समूह में दी गई जगह

इस प्रतिष्ठित संसदीय मैत्री समूह की अध्यक्षता कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद मनीष तिवारी को सौंपी गई है। समूह में लोकसभा के वरिष्ठ सांसदों में सीपी मोहन, हरसिमरत कौर, गुरमीत सिंह, चरनजीत सिंह चन्नी, सीएम रमेश और संतोष पांडे को शामिल किया गया है।

वहीं राज्यसभा से जीसी चंद्रशेखर, धनंजय भीमराव महाडिक और संजय सेठ को भी इस समूह में स्थान दिया गया है।

सांसद राज कुमार चाहर को इस अंतरराष्ट्रीय संसदीय मंच में शामिल किए जाने पर आगरा में उनके समर्थकों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। समर्थकों का कहना है कि यह अवसर सांसद चाहर को उनकी लगातार संसदीय सक्रियता के चलते मिला है।

गौरतलब है कि भारत–ऑस्ट्रेलिया मैत्री समूह का उद्देश्य भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच संसदीय संवाद को मजबूत करना, द्विपक्षीय सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाना और रणनीतिक, आर्थिक व सांस्कृतिक संबंधों को और प्रगाढ़ करना है।

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor