एमएस धोनी स्टेडियम में मौजूद, पर खेल नहीं रहे, कप्तान रुतुराज ने कहा- धोनी मैच के लिए फिट नहीं
सीएसके के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में भी नहीं खेल रहे। उनको लेकर टीम के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने बड़ा बयान दिया है।
चेन्नई। आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम आखिरी बार अपने होम ग्राउंड एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेल रही है। इस मैच में उनका सामना सनराइजर्स हैदराबाद की टीम से हो रहा है। हर किसी को उम्मीद थी कि टीम के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी आज एक आखिरी बार फैंस के सामने यहां मैच खेलने आएंगे, लेकिन वे इस मैच में भी नहीं खेल रहे हैं। उनको लेकर टीम के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने एक बड़ा बयान टॉस के वक्त भी दिया।
सीएसके के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने कहा कि एमएस धोनी टीम के साथ मौजूद हैं, लेकिन वे आज के मैच के लिए फिट नहीं हैं। टॉस के वक्त गायकवाड़ ने कहा, 'हम पहले बल्लेबाजी करना चाहते हैं। पिच थोड़ी सूखी लग रही है और हम अच्छा स्कोर बनाना चाहते हैं। यहां तक कि एमआई के खिलाफ पिछले मैच में भी पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल नहीं थी। एमएस (धोनी) अभी भी टीम में हैं, लेकिन वह इस मैच में खेलने के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं। हमारी टीम में एक बदलाव है।'
एमएस धोनी इस सीजन में सीएसके के पहले मैच से लेकर अबतक बाहर ही रहे हैं। धोनी को सीजन की शुरुआत में ही काफ इंजरी हुई थी, जिसके बाद वे एक भी मैच नहीं खेल पाए। हालांकि इस बीच वे नेट्स में और टीम के प्रैक्टिश सेशन में शामिल जरूर होते रहे, लेकिन वे मैच के लायक फिट नहीं हैं। ऐसे में चेन्नई के फैंस उन्हें पहली बार पूरे सीजन मैदान पर एक बार भी नहीं देख पाए।
दोनों टीमें-
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, स्मरण रविचंद्रन, नीतीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे
चेन्नई सुपर किंग्स: संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, अकील होसेन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, स्पेंसर जॉनसन