सात मैचों में केवल 2 जीत,  पांच मैच हारी मुंबई इंडियंस, फिर भी प्लेऑफ में क्वालीफाई कर सकती है

 मुंबई इंडियंस अब तक आईपीएल 2026 में सात मैच खेलकर केवल 2 जीत दर्ज कर सकी है। उसके केवल 4 पॉइंट हैं।  लेकिन मुंबई के प्लेऑफ में जाने के रास्ते अब भी खुले हैं।

Apr 24, 2026 - 22:28
 0
सात मैचों में केवल 2 जीत,  पांच मैच हारी मुंबई इंडियंस, फिर भी प्लेऑफ में क्वालीफाई कर सकती है

नई दिल्ली। मुंबई इंडियंस के प्लेऑफ में जाने का रास्ता अभी बंद नहीं हुआ है। आईपीएल 2026 सीजन में अब तक मुंबई की टीम ने 7 मैचों में केवल दो जीत दर्ज की हैं। इसी बीच चेन्नई सुपर किंग्स ने उसे 103 रनों से रौंदा, जो उसकी आईपीएल इतिहास में रनों की सबसे बड़ी हार भी रही।

मुंबई इंडियंस अभी पॉइंट्स टेबल में आठवें पायदान पर है और 7 मैच खेलने के बाद उसके सिर्फ 4 अंक हैं।  मुंबई को अभी लीग स्टेज में 7 मैच और खेलने हैं, लेकिन इन सात मुकाबलों में हार्दिक पांड्या और उनकी सेना को ऐसा कुछ करना होगा, जिससे मुंबई की टीम प्लेऑफ में पहुंच जाए।

मुंबई इंडियंस 7 मैच खेल चुकी है और उसके अभी 4 अंक हैं। अगर मुंबई को आसानी से बिना किसी पर निर्भर रहते हुए प्लेऑफ में जाना है, तो उसे बचे 7 में से 6 मैच हर हाल में जीतने होंगे। अगर मुंबई 6 मैच जीत पाई तो उसके कुल अंक 16 हो जाएंगे, जिसे प्लेऑफ क्वालीफिकेशन का सुरक्षित मानदंड माना जाता है। यानी 16 अंक हुए, तो मुंबई का प्लेऑफ में जाना लगभग सुनिश्चित हो जाएगा।

अगर मुंबई अगले 7 में से पांच मुकाबले जीतकर 14 अंकों तक पहुंचती है, तो ऐसे में उसका प्लेऑफ में जाना थोड़ा मुश्किल होगा। 14 अंकों के साथ मुंबई को अपना नेट रन-रेट बेहतर करने की जरूरत होगी। जो अभी -0.736 है। याद दिला दें कि पिछले सीजन 16 अंक बटोरकर मुंबई प्लेऑफ में पहुंची थी।

मुंबई इंडियंस अगर अपने परफॉर्मेंस लेवल को ऊपर नहीं ले जा पाई, तो उसका आईपीएल 2026 से बाहर होना लगभग तय है। अगले 7 में से उसके तीन मुकाबले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू, राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के खिलाफ हैं, ये तीनों टीम टूर्नामेंट की शुरुआत से ही बाकी टीमों पर दबदबा बनाती आई हैं। मुंबई को अगर प्लेऑफ में जाना है तो खासतौर पर इन तीन टीमों की चुनौती से पार पाना होगा।