आगरा के राजामंडी बाजार में पहुंचा नगर निगम का बुलडोजर, अवैध कब्जों को हटाया गया
आगरा के व्यस्ततम राजा मंडी बाजार में मंगलवार को नगर निगम की सख्त कार्रवाई ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बड़ा संदेश दे दिया। बुलडोजर के साथ पहुंचे दस्ते ने अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया।
आगरा। राजामंडी बाजार में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आगरा नगर निगम की अतिक्रमण विरोधी टीम भारी पुलिस बल और बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची। विरोध के बाद भी अवैध कब्जों को हटा दिया गया।
पिछले कई दिनों से मिल रही लगातार शिकायतों के बाद नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। जैसे ही बुलडोजर चला, बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
नगर निगम की टीम ने सड़क किनारे फैले अतिक्रमण, अस्थायी ढांचों और दुकानों के बाहर रखे सामान को हटाया। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई शहर को जाम और अव्यवस्था से मुक्त कराने के लिए जरूरी थी।
कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध जताया, जिससे मौके पर हल्की नोकझोंक भी हुई। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर निगम अधिकारियों ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जुर्माना और जब्ती भी शामिल होगी।
नगर निगम ने साफ कर दिया है कि यह कार्रवाई अंतिम नहीं है। अगले दो महीनों के भीतर दोबारा निरीक्षण किया जाएगा और यदि फिर से अतिक्रमण मिला तो और कठोर कदम उठाए जाएंगे।
कार्रवाई के बाद फिलहाल बाजार की स्थिति सामान्य हो गई है, लेकिन व्यापारियों में बेचैनी और हलचल बनी हुई है। कई दुकानदार अब आगे की रणनीति पर विचार कर रहे हैं।