लाठियों के प्रहार में प्रेम का संगीत, ‘राधे-राधे’ की गूंज में भक्ति का रंग: बरसाना की लठमार होली में जीवंत हुई राधा-कृष्ण की लीला, लोक परिहास और ब्रज की सनातन सांस्कृतिक परंपरा के रंग बिखरे

बरसाने की लठामार होली खेली गई। केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि श्रीराधा-कृष्ण की लीलाओं का जीवंत पुनर्स्मरण था। यहां लाठियां प्रहार नहीं, प्रेम का प्रतीक हैं, और ढालें सुरक्षा नहीं, परिहास का माध्यम। बरसाना की यह होली विश्व को ब्रज की सांस्कृतिक विरासत, लोकपरंपरा और आध्यात्मिक उल्लास का अमिट संदेश देती है, जहां भक्ति, हास्य और उत्सव एक-दूसरे में घुलकर साक्षात् रास रचते हैं।

Feb 25, 2026 - 19:51
 0
लाठियों के प्रहार में प्रेम का संगीत, ‘राधे-राधे’ की गूंज में भक्ति का रंग: बरसाना की लठमार होली में जीवंत हुई राधा-कृष्ण की लीला, लोक परिहास और ब्रज की सनातन सांस्कृतिक परंपरा के रंग बिखरे
बरसाना में बुधवार को खेली गई लठामार होली में प्रेम, परिहास की कुछ मनमोहक तस्वीरें।

बरसाना। ब्रजभूमि एक बार फिर रंग, रस और राधा-कृष्ण की लीलाओं के जीवंत उत्सव में डूब गई, जब बरसाना में श्रीजी मंदिर और रंगीली गली के आसपास परंपरागत लठमार होली पूरे उल्लास के साथ मनाई गई। नंदगांव से होली खेलने आए हुरियारों पर आज बरसाना की हुरियारिनों ने लाठियां बरसाईं, लेकिन यह प्रहार नहीं, बल्कि प्रेम, परिहास और लोक आस्था का उत्सव था।

श्रीजी मंदिर की ओर जाती संकरी गलियों में राधे-राधे की गूंज के बीच नंदगांव से आए हुरियारे पारंपरिक वेशभूषा में ढाल थामे आगे बढ़े। जैसे ही वे रंगीली गली में पहुंचे, हुरियारिनों ने पारंपरिक अंदाज़ में लाठियां बरसानी शुरू कर दीं। ढाल पर पड़ती लाठियों का प्रहार, उड़ता गुलाल, ठहाकों की गूंज और रसिया गायन, हर दृश्य किसी सजीव लोकचित्र सा प्रतीत हो रहा था।

लोक संगीत, रसिया और फाग से गूंजा ब्रज

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा राधा बिहारी इंटर कॉलेज परिसर में एक भव्य मुख्य मंच तथा सात छोटे मंचों का निर्माण कराया गया।
मंगलवार और बुधवार को ब्रज एवं ब्रज के बाहर से आए सुप्रसिद्ध कलाकारों ने पारंपरिक होली गीत, रसिया, फाग और भजनों की प्रस्तुतियां दीं।
आज बिरज में होरी रे रसिया...और फाग खेलन आए नंदलाल...जैसे पदों पर श्रोता झूम उठे, जिससे ब्रज की सांस्कृतिक गरिमा और अधिक मुखर हो उठी।

पग-पग पर थी प्रशासनिक सजगता

विश्वविख्यात इस आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त तथा मंडल स्तर के अनेक अधिकारी स्वयं लठमार होली देखने पहुंचे।
अधिकारियों ने आयोजन से पूर्व पूरे मेला क्षेत्र का पैदल निरीक्षण किया। लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन सभागार में स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम से पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई। सुरक्षा, यातायात और भीड़-प्रबंधन को लेकर दिए गए दिशा-निर्देशों के चलते आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ।

SP_Singh AURGURU Editor