नरसिंह चतुर्दशी पर श्रीजगन्नाथ मंदिर में उमड़ी आस्था, पाणकम अभिषेक से गूंजा परिसर
आगरा। भक्त और भगवान के अटूट प्रेम के प्रतीक नरसिंह चतुर्दशी महामहोत्सव पर शहर का वातावरण भक्ति रस में सराबोर नजर आया। श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में आयोजित भव्य कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान नरसिंह की आराधना की और दिव्य झांकियों व धार्मिक अनुष्ठानों का आनंद लिया।

नरसिंह चतुर्दशी पर आयोजित महोत्सव में भाव विभोर श्रद्धालु।
पाणकम और बारह अनाज से अभिषेक, भक्ति में डूबे श्रद्धालु
महोत्सव के दौरान भगवान नरसिंह का विशेष अभिषेक उनके प्रिय पाणकम (गुड़ व द्रव्य रस) से किया गया। साथ ही 12 प्रकार के अनाजों को जल में भिगोकर उनके पवित्र जल से भी अभिषेक संपन्न हुआ। शालिग्राम जी का अभिषेक पंचगव्य और पंचामृत से किया गया। सुगंधित पुष्पों से सजे मंदिर में आरती के बाद भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
भक्त प्रह्लाद की कथा ने बांधा समां
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मंदिर के बच्चों और भक्तों द्वारा प्रस्तुत की गई नाटिका रही, जिसमें भक्त प्रह्लाद की जन्म से लेकर भगवान नरसिंह से मिलन तक की कथा का सजीव मंचन किया गया। इसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
भक्ति से ही प्रकट होते हैं भगवान — अरविन्द प्रभु
इस्कॉन मंदिर आगरा के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने भक्तों को संबोधित करते हुए भगवान नरसिंह की महिमा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भक्त प्रह्लाद की अटूट भक्ति के कारण ही भगवान को स्वयं प्रकट होना पड़ा। जो भक्त सच्चे मन से भगवान की शरण में रहते हैं, उनकी रक्षा हर परिस्थिति में होती है।
उग्र स्वरूप को सौम्यता में किया परिवर्तित
भगवान नरसिंह के उग्र रूप को शांत करने के लिए उन्हें भक्त प्रह्लाद और माता लक्ष्मी के साथ पुष्पों से अलंकृत किया गया। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पूजन-अर्चन कर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
भक्तों की उमड़ी भीड़, भक्ति का अद्भुत संगम
इस अवसर पर नितेश अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, संजीव बंसल, शैलेश बंसल, संजीव मित्तल, राजेश उपाध्याय, ओमप्रकाश अग्रवाल, अतिदि गौरांगी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।