आगरा में राष्ट्र प्रथम की हुंकारः सांसद नवीन जैन की जन संकल्प यात्रा में भगवान टॉकीज से शहीद स्मारक तक उमड़ी भीड़, घोड़ा-तांगा बना आकर्षण का केंद्र

आगरा। राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में चल रहे राष्ट्र प्रथम अभियान के अंतर्गत मंगलवार को भव्य जन संकल्प यात्रा का आयोजन किया गया, जिसने शहर में जनआंदोलन का स्वरूप ले लिया। यह यात्रा भगवान टॉकीज चौराहे से प्रारंभ होकर संजय पैलेस स्थित शहीद स्मारक तक निकली, जिसमें युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की भारी भागीदारी देखने को मिली।

May 19, 2026 - 20:01
 0
आगरा में राष्ट्र प्रथम की हुंकारः सांसद नवीन जैन की जन संकल्प यात्रा में भगवान टॉकीज से शहीद स्मारक तक उमड़ी भीड़, घोड़ा-तांगा बना आकर्षण का केंद्र
आगरा में मंगलवार निकली जन संकल्प यात्रा में शामिल लोगों को संबोधित करते सांसद नवीन जैन।

आगरा में मंगलवार को भगवान टाकीज चौराहा से शहीद स्मारक तक निकली जन संकल्प यात्रा की एक झलक। 

यात्रा के दौरान मार्ग पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष से वातावरण राष्ट्रमय हो गया। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में लोग उत्साहपूर्वक यात्रा में शामिल हुए।

इस जन संकल्प यात्रा का विशेष आकर्षण तब देखने को मिला जब सांसद नवीन जैन अपने आवास से सभा स्थल तक पारंपरिक घोड़ा-तांगा से पहुंचे। उनके इस अनोखे और प्रतीकात्मक कदम को लोगों ने खूब सराहा। इसे भारतीय परंपराओं और स्वदेशी भावना को प्रोत्साहन देने वाला संदेश माना गया। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पुष्पवर्षा कर सांसद और यात्रा का स्वागत किया गया। कई स्थानों पर सामाजिक संस्थाओं एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा जलपान एवं पेयजल की व्यवस्था भी की गई।

यात्रा का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रहित एवं आत्मनिर्भर भारत के आह्वानों को जन-जन तक पहुंचाना रहा। अभियान के माध्यम से स्वदेशी अपनाने, ईंधन बचत, कारपूलिंग, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। बड़ी संख्या में लोग इलेक्ट्रिक वाहनों एवं कारपूलिंग के माध्यम से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे, जिससे अभियान की भावना को और बल मिला।

पूरे आयोजन के दौरान भीड़ के बावजूद अनुशासन और व्यवस्था बनी रही। स्वयंसेवकों एवं कार्यकर्ताओं ने लगातार संचालन संभाले रखा, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।

सभा को संबोधित करते हुए सांसद नवीन जैन ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों में तेजी से बदलाव हो रहा है और ऐसे समय में भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को मजबूत बनाने के लिए दूरदर्शी निर्णय ले रहे हैं और हर नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम केवल एक अभियान नहीं बल्कि प्रत्येक भारतीय की भावना है, जिसे जीवन का हिस्सा बनाकर ही भारत को विश्व में और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक जी. एस. धर्मेश, एमएलसी विजय शिवहरे, युवा नेता वैभव जैन, महेश शर्मा, नीतेश शिवहरे, अतुल गर्ग, अमित ग्वाला, नवल तिवारी, रोहित कत्याल, गुरमीत कालरा, अनिल सारस्वत, राहुल जैन, पंकज अग्रवाल, राकेश जैन, मुकेश गुप्ता, डॉ. निर्मला दीक्षित, नेहा गुप्ता, अंजू गर्ग, माधुरी माहौर, दीपिका मित्तल, बबीता पाठक, राधा शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor