जैसवाल जैन महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने आगरा में संगठन विस्तार से राजनीतिक भागीदारी तक बनाई रणनीति; मेधावियों और व्यापारियों का हुआ सम्मान
आगरा। अखिल भारतवर्षीय जैसवाल जैन महासभा ने संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने, समाज में शिक्षा, रोजगार और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को आगरा में राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक आयोजित की। बैठक में संगठन विस्तार, युवा सहभागिता, रोजगार सृजन और समाज की राजनीतिक भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन किया गया। इसके बाद आयोजित सम्मान समारोह में शिक्षा, व्यापार और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं एवं प्रतिष्ठित व्यापारियों को सम्मानित किया गया।
एम.डी. जैन इंटर कॉलेज, हरीपर्वत में आयोजित कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से महासभा के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, समाज के वरिष्ठजन, व्यापारी, महिलाएं, युवा और बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण, भगवान महावीर के चित्र का अनावरण, दीप प्रज्ज्वलन और मंगलाचरण के साथ हुआ।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में संगठन के विस्तार को गति देने, समाज में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने, युवाओं को संगठन से जोड़ने, रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने तथा समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि बदलते समय के साथ संगठन को और अधिक सक्रिय, मजबूत तथा प्रभावी बनाना आवश्यक है, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग तक महासभा की गतिविधियां पहुंच सकें।
बैठक में समाज की आर्थिक रूप से कमजोर एवं विधवा महिलाओं को सहयोग उपलब्ध कराने, युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा जैन समाज की राजनीति में प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने संगठनात्मक मजबूती के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए।
बैठक के उपरांत आयोजित सम्मान समारोह में शिक्षा, व्यापार और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाज के प्रतिष्ठित व्यापारियों तथा मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज को नई ऊर्जा देता है और युवा पीढ़ी को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबोध कुमार जैन, राष्ट्रीय मंत्री अनंत कुमार जैन, अजय कुमार जैन, संजय जैन, सचिन जैन, संभव जैन, पदम जैन, संजीव जैन, इंद्रप्रकाश जैन, प्रवीन जैन, सुरेंद्र जैन, सुबोध जैन (दयालबाग), सुबोध जैन (कमला नगर), रश्मि जैन, नीलम जैन, प्राची जैन सहित महासभा के समस्त पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।