हनीमून से लौटा नौसेना कर्मी निकला जासूस! यूपी एटीएस ने दबोचा, पाकिस्तान को भेज रहा था संवेदनशील जानकारी, आगरा के चीतपुर गांव का है निवासी
आगरा। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां उत्तर प्रदेश एटीएस ने भारतीय नौसेना के एक कर्मी को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी आगरा जनपद के कागारौल क्षेत्र के चीतपुर गांव का रहने वाला आदर्श कुमार उर्फ लक्की है, जो भारतीय नौसेना में लांसनायक के पद पर केरल में तैनात था। एटीएस को सूचना मिली थी कि वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के संपर्क में रहकर नौसेना से जुड़ी संवेदनशील और रणनीतिक सूचनाएं साझा कर रहा था।
पाकिस्तान एजेंसी से संपर्क का मिला सुराग
एटीएस की जांच में सामने आया कि आरोपी आदर्श कुमार लंबे समय से पाकिस्तान की एजेंसी के संपर्क में था। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि उसने नौसेना से जुड़ी कई अहम और गोपनीय जानकारियां साझा की थीं। एटीएस को इस मामले में पैसों के लेन-देन के भी साक्ष्य मिले हैं, जिससे जासूसी के बदले आर्थिक लाभ मिलने की आशंका जताई जा रही है।
हनीमून से लौटने के बाद एटीएस ने दबोचा
सूत्रों के अनुसार आरोपी की फरवरी माह में ही शादी हुई थी। शादी के बाद वह अपनी पत्नी के साथ दुबई हनीमून मनाने गया था और हाल ही में वापस लौटा था। इसी दौरान एटीएस की निगाह उस पर बनी हुई थी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद एटीएस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया।
परिवार में सबसे छोटा, पिता करते हैं ठेकेदारी
गिरफ्तार आदर्श कुमार उर्फ लक्की कागारौल क्षेत्र के चीतपुर गांव का निवासी है। उसके पिता बलबीर सिंह शराब की ठेकेदारी करते हैं। परिवार में तीन बहनों के बीच वह सबसे छोटा बेटा बताया जा रहा है। गांव में इस गिरफ्तारी की खबर फैलते ही लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
अदालत में पेशी के बाद भेजा गया जेल
एटीएस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही हैं और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी के संपर्क में और कौन-कौन लोग थे।