आगरा कॉलेज की एनसीसी गर्ल्स विंग ने ऒपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ पर जगाया राष्ट्रभक्ति का ज्वार

आगरा। देशभक्ति, सैन्य सम्मान और राष्ट्रसेवा की भावना से ओत-प्रोत वातावरण में आगरा कॉलेज की एनसीसी गर्ल्स विंग द्वारा “ऑपरेशन सिंदूर” की प्रथम वर्षगांठ अत्यंत भव्य और उत्साहपूर्ण ढंग से मनाई गई। 1 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में वीर सैनिकों के अदम्य साहस, समर्पण और बलिदान को नमन करते हुए कैडेट्स ने तिरंगा रैली, शौर्य संवाद, ध्वजारोहण और डिजिटल जागरूकता अभियान के माध्यम से राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

May 12, 2026 - 22:44
 0
आगरा कॉलेज की एनसीसी गर्ल्स विंग ने ऒपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ पर जगाया राष्ट्रभक्ति का ज्वार
ऒपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर आगरा कॊलेज एनसीसी गर्ल्स विंग के कार्यक्रम की एक झलक।

कार्यक्रम का नेतृत्व कंपनी कमांडर कैप्टन रीता निगम ने किया, जिनके निर्देशन में 40 सीनियर विंग कैडेट्स ने अनुशासन, ऊर्जा और जोश के साथ पूरे आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

कार्यक्रम का सबसे प्रमुख आकर्षण शौर्य संवाद रहा, जिसका आयोजन तिरंगा चौक, खेरिया मोड़ पर किया गया। इस विशेष संवाद कार्यक्रम में फ्लाइंग कमांडो उमा फौजदार, चीफ पेटी ऑफिसर तेज सिंह तथा वारंट ऑफिसर योगेश कुमार ने विशेष अतिथि के रूप में सहभागिता की। कार्यक्रम स्थल “भारत माता की जय” और वंदे मातरम् के गगनभेदी नारों से गूंज उठा।

संवाद सत्र के दौरान सैन्य अधिकारियों ने ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए सैन्य जीवन की चुनौतियों, कठिन परिस्थितियों और रणनीतिक साहस के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि “जंग केवल हथियारों से नहीं, बल्कि हौसलों और जीतने की इच्छाशक्ति से जीती जाती है।”

वीर अधिकारियों ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सेना में वर्दी केवल कर्तव्य, साहस और सम्मान को पहचानती है। उन्होंने बालिका कैडेट्स को एसएसबी, एनडीए और सीडीएस जैसी प्रतियोगी प्रक्रियाओं के माध्यम से भारतीय रक्षा सेवाओं में शामिल होकर राष्ट्रसेवा करने के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद ऑपरेशन सिंदूर जागरूकता अभियान के अंतर्गत विशाल तिरंगा रैली निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज और जागरूकता पोस्टर लिए कैडेट्स ने पूरे क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम का संदेश फैलाया। देश का बल — सैनिक का बल जैसे नारों से तिरंगा चौक और आसपास का वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो उठा।

तिरंगा चौक पर आयोजित ध्वजारोहण समारोह में कैडेट्स ने अनुशासित ढंग से राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और राष्ट्र की अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों और युवाओं में राष्ट्ररक्षा के प्रति नई ऊर्जा और जिम्मेदारी का भाव देखने को मिला।

डिजिटल जागरूकता अभियान के तहत कैप्टन रीता निगम ने स्वयं अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर ऑपरेशन सिंदूर का आधिकारिक लोगो लगाकर “लीड फ्रॉम द फ्रंट” का संदेश दिया। उनके आह्वान पर सभी कैडेट्स ने भी अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल अपडेट कर डिजिटल माध्यम से राष्ट्रभक्ति का संदेश व्यापक स्तर तक पहुंचाया।

कार्यक्रम में उपस्थित सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों ने कैडेट्स को सैन्य अनुशासन, समर्पण, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा के मूल्यों से परिचित कराया। उनका प्रेरणादायी मार्गदर्शन युवा कैडेट्स के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा हेतु सामूहिक शपथ के साथ हुआ। कैप्टन रीता निगम के कुशल नेतृत्व और कैडेट्स की जोशीली सहभागिता ने इस आयोजन को आगरा कॉलेज के इतिहास में एक प्रेरणादायी अध्याय बना दिया।

SP_Singh AURGURU Editor