23 जुलाई से आगरा में बहेगी श्रीमद्भागवत कथा की अमृतधारा, जया किशोरी सुनाएंगी संगीतमय कथा, 22 को निकलेगी 1000 महिलाओं की कलश यात्रा
आगरा। धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना से सराबोर होने जा रहे आगरा में 23 से 29 जुलाई तक सुप्रसिद्ध कथावाचक जया किशोरी के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा की अमृतमयी गंगा बहेगी। श्रीश्याम परिवार सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में फतेहाबाद रोड स्थित राजदेवम में आयोजित होने वाली सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा से पूर्व 22 जुलाई को विजय नगर से एक कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें करीब एक हजार श्रद्धालु महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भक्ति गीतों और बैंड-बाजों के साथ शामिल होंगी। आयोजन को लेकर शहर में धार्मिक उत्साह का माहौल है।
यह जानकारी रविवार को संजय प्लेस स्थित होटल पीएल पैलेस में आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन समारोह में मुख्य यजमान राजकुमार गुप्ता तथा आयोजन समिति के सदस्य विकास मांगलिक, अनिल कुमार गुप्ता, विनीत मांगलिक, ऋषिक मांगलिक और अर्पित गुप्ता ने संयुक्त रूप से दी।
आयोजकों ने बताया कि 22 जुलाई को सुबह विजय नगर स्थित श्रीराधाकृष्ण मंदिर से कलश यात्रा प्रारंभ होगी। यात्रा में लगभग 1000 श्रद्धालु महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल होंगी। बैंड-बाजों, भक्ति संगीत और धार्मिक उत्साह के बीच निकलने वाली यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होकर जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम जी मंदिर पहुंचेगी, जहां इसका विश्राम होगा। कलश यात्रा की विशेष आकर्षण भगवान श्रीगणेश एवं अन्य धार्मिक झांकियां होंगी। इसके साथ ही श्याम बाबा का भव्य डोला भी यात्रा का हिस्सा रहेगा।
इसके बाद 23 जुलाई से 29 जुलाई तक फतेहाबाद रोड स्थित राजदेवम परिसर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 3 बजे रहेगा। देश की प्रसिद्ध कथा वाचिका पूज्य जया किशोरी अपनी ओजस्वी वाणी और संगीतमय शैली में श्रीहरि के दशावतारों एवं श्रीमद्भागवत महापुराण की दिव्य कथाओं का रसपान कराएंगी। उनकी कथा शैली, भक्ति और आध्यात्मिक संदेशों से श्रद्धालु आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त करेंगे।
आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में आलोक अग्रवाल, संजय गुप्ता, मीतेश मित्तल, मोंटू भार्गव, संतोष शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।