बरेली में शांतिपूर्ण रही नीट री-एग्जाम, 93 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा; केंद्र पर छात्रा बेहोश होने से मची अफरा-तफरी

-आरके सिंह- बरेली। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) री-एग्जाम रविवार को बरेली के 24 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। परीक्षा में करीब 93 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि लगभग 7 प्रतिशत परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस बीच बरेली कॉलेज परीक्षा केंद्र पर परीक्षा दे रही एक छात्रा अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छात्रा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

Jun 21, 2026 - 21:37
 0
बरेली में शांतिपूर्ण रही नीट री-एग्जाम, 93 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा; केंद्र पर छात्रा बेहोश होने से मची अफरा-तफरी
परीक्षा केंद्र पर बेहोश हुई छात्रा अस्पताल में उपचाररत।

24 केंद्रों पर हुई परीक्षा, 848 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने परीक्षा को सफल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से एफ.आर. इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, एफ.आर. इस्लामिया बॉयज इंटर कॉलेज तथा तिलक इंटर कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित हुई। जिले के 24 परीक्षा केंद्रों पर कुल 11,492 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी, जिनमें से 10,644 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 848 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

सुरक्षा और गोपनीयता पर रहा विशेष फोकस

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अभ्यर्थियों की प्रवेश एवं सत्यापन प्रक्रिया, स्ट्रॉन्ग रूम व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि सभी संबंधित अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों द्वारा परीक्षा संचालन के निर्धारित दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कराया गया। परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता और सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती गई।

परीक्षा के दौरान बेहोश हुई छात्रा

इसी दौरान बरेली कॉलेज में नीट री-एग्जाम दे रही छात्रा तन्वी की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह परीक्षा कक्ष में बेहोश होकर गिर पड़ी। घटना से परीक्षा केंद्र पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई।

बरेली कॉलेज की उपप्राचार्या डॉ. वंदना शर्मा ने बताया कि छात्रा तन्वी थाना इज्जतनगर क्षेत्र के मुंशी नगर की रहने वाली है। परीक्षा के दौरान उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके बाद पुलिस ने बिना देर किए उसे धनवंतरी तोमर अस्पताल पहुंचाया।

चिकित्सकों ने बताई एंजायटी की समस्या

अस्पताल के सीएमडी डॉ. आई.एस. तोमर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में छात्रा को एंजायटी (मानसिक तनाव) की समस्या पाई गई। ऐसी प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों पर मानसिक दबाव अधिक होता है, जिसका प्रभाव उनके स्वास्थ्य पर पड़ सकता है।

डॉक्टरों के अनुसार उपचार के बाद छात्रा की स्थिति सामान्य है और वह पूरी तरह खतरे से बाहर है। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और छात्रा की देखभाल कर रहे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor