नीट यूजी 21 जून को दोबारा होगी, एनटीए ने कर दी घोषणा, शिक्षा मंत्री बोले- अगले साल से नीट परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड होगी

नीट पेपर लीक मामले को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने दोषियों पर कड़े एक्शन की बात कही।  उन्होंने कहा कि अगले साल से नीट परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड होगी।

May 15, 2026 - 12:13
 0
नीट यूजी 21 जून को दोबारा होगी, एनटीए ने कर दी घोषणा, शिक्षा मंत्री बोले- अगले साल से नीट परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड होगी

नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार (15 मई) को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा, छात्रों का हित सरकार की प्राथमिकता है। सोशल मीडिया पर कुछ लोग भ्रम फैला रहे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान धर्मेंद्र प्रधान ने नीट परीक्षा में अगले साल से होने वाले बड़े बदलाव के बारे में बताया। उन्होंने कहा, अगले साल से नीट की परीक्षा ओएमआर सीट के बजाय कंप्यूटर बेस्ड होगी।  उन्होंने बताया, छात्रों को नीट-यूजी की दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए अपनी सुविधानुसार शहर चुनने के लिए एक सप्ताह का समय मिलेगा. प्रवेश पत्र 14 जून तक जारी किए जाएंगे। प्रवेश परीक्षा 21 जून को होगी।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, 'छात्रों के भविष्य की चिंता सरकार की प्राथमिकता है।  एनटीए की परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी। 7 मई को एनटीए को कहीं से आपत्ति मिली कि गेस पेपर के कुछ प्रश्न इस वर्ष के प्रश्नपत्र में आ गए हैं। एनटीए और सरकार ने तुरंत इसकी जांच की। राज्य एजेंसियों से संपर्क किया गया। जब हमें यह स्पष्ट हो गया कि इस बार प्रश्नपत्र लीक हुआ है तो हम नहीं चाहते थे कि शिक्षा माफियाओं की साजिश के चलते सही छात्रों के साथ गलत हो। इसलिए, हमने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी।'

उन्होंने आगे कहा,  'हमने आज (15 मई) को परीक्षा की नई तारीख की घोषणा कर दी है। यह परीक्षा माफिया और असामाजिक तत्वों के खिलाफ एक लंबी लड़ाई है। सरकार ने जांच सीबीआई को सौंपी है। सीबीआई ने कार्रवाई शुरू कर दी है, और इस बार सीबीआई कड़ी कार्रवाई करेगी। सभी विभागों ने इसे गंभीरता से लिया है। इस बार हम किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं करेंगे। यह निर्णय छात्रों के हित में लिया गया है।'

नीट (यूजी) 2026 परीक्षा अब 21 जून को दोबारा करायी जाएगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने शुक्रवार (15 मई) को एग्जाम की नई तारीख का ऐलान किया। यह परीक्षा पहले तीन मई को आयोजित की गई थी, लेकिन पेपर लीक होने के चलते इसे रद्द कर दिया गया था।