आगरा में पेट बोर्डिंग की लापरवाही उजागर, 9 वर्षीय पालतू श्वान की संदिग्ध मौत, मुकदमा दर्ज

आगरा में 9 वर्षीय पालतू श्वान की पेट बोर्डिंग में संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मालिक ने बोर्डिंग संचालक पर लापरवाही, बिना लाइसेंस संचालन, सूचना न देने और अभद्रता के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

May 2, 2026 - 12:35
 0
आगरा में पेट बोर्डिंग की लापरवाही उजागर, 9 वर्षीय पालतू श्वान की संदिग्ध मौत, मुकदमा दर्ज
इमेज फोटो

आगरा। शहर में पालतू जानवरों की देखभाल के नाम पर चल रही पेट बोर्डिंग सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। थाना हरिपर्वत क्षेत्र में 9 वर्षीय पालतू श्वान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। इस मामले में श्वान के मालिक ने बोर्डिंग संचालक पर लापरवाही, जानकारी छिपाने और अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं।

सिविल लाइन्स निवासी अमित मिश्रा ने अपनी तहरीर में लिखा है कि उन्होंने अपने 9 वर्षीय पालतू श्वान को देखभाल के लिए चौहान केनल एंड डॉग हॉस्पिटल में छोड़ा था। उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि श्वान की पूरी देखभाल की जाएगी। आरोप है कि बोर्डिंग संचालक ने श्वान की तबीयत खराब होने या किसी भी प्रकार की घटना की कोई सूचना परिजनों को नहीं दी। बाद में अचानक यह जानकारी दी गई कि श्वान छत पर मृत अवस्था में मिला है।

इस घटना के बाद परिजनों ने कई गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बोर्डिंग परिसर में सीसीटीवी कैमरे तक नहीं लगे थे, जिससे घटना की वास्तविक स्थिति सामने नहीं आ सकी। साथ ही, बिना लाइसेंस के पेट बोर्डिंग संचालन का भी आरोप लगाया गया है, जो नियमों का खुला उल्लंघन माना जा रहा है।

पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने मामले की जानकारी और जवाब मांगा, तो संचालक विवेक चौहान और अन्य लोगों ने उनके साथ अभद्रता की और धमकी भी दी।
मामले की शिकायत थाना हरिपर्वत में दर्ज कराई गई है, जिसमें विवेक चौहान सहित अन्य को नामजद किया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, उपलब्ध साक्ष्यों और बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना न सिर्फ पेट बोर्डिंग सेवाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाती है, बल्कि पालतू जानवरों की सुरक्षा और निगरानी को लेकर सख्त नियमों की जरूरत को भी उजागर करती है।