गलत दिशा की लापरवाही बनी मौत का कारण: आगरा के बाह क्षेत्र में अभयपुरा चौराहे पर बाइक और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर में एक की दर्दनाक मौत, दूसरा गंभीर घायल

आगरा के बाह थाना क्षेत्र में अभयपुरा चौराहे के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। एक बाइक और स्कूटी के बीच आमने सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास मौजूद लोग सन्न रह गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर घायल है।

May 3, 2026 - 12:58
 0
गलत दिशा की लापरवाही बनी मौत का कारण: आगरा के बाह क्षेत्र में अभयपुरा चौराहे पर बाइक और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर में एक की दर्दनाक मौत, दूसरा गंभीर घायल
हादसे में मृत अशोक भदौरिया का फाइल फोटो।

-नीरज परिहार-

आगरा। जनपद के बाह क्षेत्र में अभयपुरा चौराहे पर सड़क पर एक पल की लापरवाही ने भयावह हादसे का रूप ले लिया। गलत दिशा में स्कूटी मोड़ने से बाइक और स्कूटी की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ताल का पुरा निवासी अशोक भदौरिया (60) पुत्र इंद्रपाल सिंह भदौरिया बाइक से बाह के बाजार से खरीदारी कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दूसरी ओर से आ रहा स्कूटी सवार महेंद्र वर्मा पुत्र रमेश चंद्र वर्मा, निवासी सदर कॉलोनी, बल्केश्वर (आगरा), जो अपनी ससुराल गोरमी (मध्य प्रदेश) से वापस घर लौट रहा था, अचानक अभयपुरा चौराहे के पास स्कूटी को गलत दिशा में मोड़ बैठा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी लापरवाही के चलते सामने से आ रही बाइक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अशोक भदौरिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल महेंद्र वर्मा की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

SP_Singh AURGURU Editor