'ना तेरा, ना मेरा...यह बाबा का मेला है', 10 अगस्त को बल्केश्वर में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, सुरक्षा से सेवा तक होंगे विशेष इंतजाम

आगरा। सावन के दूसरे सोमवार पर बल्केश्वर क्षेत्र एक बार फिर शिवभक्ति के रंग में रंगने जा रहा है। श्री बल्केश्वर महादेव मेला समिति ने 10 अगस्त को आयोजित होने वाले महादेव मेले के लिए श्रद्धालुओं के लिए व्यापक व्यवस्थाओं की घोषणा की। समिति ने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए खोया-पाया केंद्र, प्राथमिक चिकित्सा, भंडारा, पेयजल, बायो टॉयलेट, महिला पुलिस, गोताखोर, अग्निशमन, बैरिकेडिंग और 150 स्वयंसेवकों की तैनाती सहित हर आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।

Jul 20, 2026 - 18:43
 0
'ना तेरा, ना मेरा...यह बाबा का मेला है', 10 अगस्त को बल्केश्वर में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, सुरक्षा से सेवा तक होंगे विशेष इंतजाम
आगामी दस अगस्त को होने वाले बल्केश्वर महादेव मेले का सोमवार को पोस्टर जारी करते आयोजन समिति से जुड़े पदाधिकारी और सदस्य।

सोमवार को वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में आयोजित कार्यक्रम में श्री बल्केश्वर महादेव मेला समिति के पदाधिकारियों ने जनजागरूकता के उद्देश्य से महादेव मेले का आकर्षक पोस्टर जारी किया।

समिति ने बताया कि इस वर्ष भी सावन के द्वितीय सोमवार, 10 अगस्त को बल्केश्वर क्षेत्र में विशाल एवं सांस्कृतिक महादेव मेले का आयोजन किया जाएगा। इससे पूर्व 9 अगस्त (रविवार) शाम को बल्केश्वर चौराहे पर धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ मेले का विधिवत उद्घाटन होगा।

मुख्य संरक्षक पूर्व पार्षद डॉ. कुंदनिका शर्मा एवं ताराचंद मित्तल 'तोती भाई' ने संयुक्त रूप से कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समिति व्यापक तैयारियां कर रही है।

मेला संयोजक समाजसेवी पार्षद मुरारी लाल गोयल 'पेंट वाले', पार्षद हरिओम गोयल 'बाबा', पार्षद पूजा बंसल तथा भाजपा ब्रज क्षेत्र आर्थिक प्रकोष्ठ के संयोजक गिर्राज बंसल ने बताया कि बल्केश्वर महादेव मंदिर से वाटर वर्क्स चौराहे तक खोया-पाया केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा प्राथमिक चिकित्सा केंद्र बनाया जाएगा, जहां सरकारी चिकित्सक एवं आवश्यक दवाइयां 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।

अध्यक्ष महेश निषाद एवं कार्यकारी अध्यक्ष कुलदीप वाल्मीकि ने बताया कि पूरे परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था रहेगी। साथ ही 9 अगस्त (रविवार) शाम से 10 अगस्त (सोमवार) को परिक्रमा समाप्त होने तक भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बाबा भोलेनाथ का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

महिला अध्यक्ष ममता सिंघल, महामंत्री संजय श्रीवास्तव एवं निखिल गोयल ने बताया कि मेले की सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए 100 से 150 स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी, जो पुलिस प्रशासन के सहयोगी के रूप में पूरे मार्ग पर व्यवस्था बनाए रखेंगे।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंदर डाबर, मंजीत सिंह एवं कोषाध्यक्ष डॉ. महेश फौजदार ने बताया कि यमुना का जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए तट पर बैरिकेडिंग कराई जाएगी, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। श्रद्धालुओं के स्नान के लिए तट से 10 से 20 फुट पहले ट्यूबवेल के माध्यम से विशेष स्नान व्यवस्था भी की जाएगी।

संरक्षक मनमोहन चावला, मुन्नू चौबे एवं सुरेश बरेजा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बायो टॉयलेट, महिला पुलिस, अग्निशमन दल और गोताखोरों की व्यवस्था भी रहेगी। यह सभी व्यवस्थाएं 9 अगस्त से 10 अगस्त दोपहर तक लगातार संचालित रहेंगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने और समिति व प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

इस अवसर पर पार्षद मुरारी लाल गोयल 'पेंट वाले' ने कहा, "ना तेरा है, ना मेरा है... यह बाबा का मेला है।" उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से मिलकर भक्ति भाव के साथ इस मेले को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

अनुरंजन सिंघल एवं द्वारिका नाथ गुंबर ने बताया कि समिति का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर परिक्रमा मार्ग की साफ-सफाई, सड़क पैचवर्क, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, बायो टॉयलेट, अग्निशमन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा करेगा।

कार्यक्रम में पंडित विष्णु शर्मा, बंगाली मल अग्रवाल, पोला भाई, वीके मित्तल, ब्रह्मा गुप्ता, राकेश त्यागी, प्रवीण गोयल, राम मोहन शर्मा, संतोष गुप्ता, स्पर्श जैन, गुरदयाल बेदी, अंशुल अग्रवाल, करतार सिंह शास्त्री, उमेश अरोड़ा, ब्रजेश वर्मा, कृष्णकुमार 'गुड्डू भाई', विश्वनाथ भारद्वाज, राजन शुक्ला, दीपक डावर, मयंक खंडेलवाल, चांदनी बंसल, श्वेता शर्मा, पूजा गुप्ता, राखी गुप्ता, संध्या पाराशर, मेघा कौशिक, अवध गोयल, सचिन मित्तल और आशीष गुप्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संरक्षक रमन अग्रवाल ने किया।

SP_Singh AURGURU Editor