न्यू आगरा थाने के दरोगा लोकेश भाटी पर फॉर्च्यूनर और फ्लैट की मांग पूरी न होने पर पत्नी को जहर देने का आरोप, मदद के लिए पहुंचे थानाध्यक्ष बोले- ‘दरोगा है, कुछ नहीं बिगाड़ पाओगी’, पीड़िता ने खोली दहेज, मारपीट और उत्पीड़न की परतें, पुलिस आयुक्त ने दरोगा को किया लाइन हाजिर

आगरा। आगरा कमिश्नरेट के न्यू आगरा थाने से जुड़ा एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक दरोगा पर अपनी ही पत्नी को जहर देकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगा है। मामले को और अधिक संवेदनशील तब बना दिया, जब पीड़िता ने थाना प्रभारी पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी और कार्रवाई न करने के आरोप लगाए। पीड़िता का दावा है कि न्याय मांगने पर उसे ही कहा गया-  तुम्हारा पति दरोगा है, उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाओगी। इधर अस्पताल में भर्ती पीड़िता के बारे में डॊक्टरों ने फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने आरोपी दरोगा लोकेश भाटी को लाइन हाजिर कर दिया है।

Mar 30, 2026 - 22:17
 0
न्यू आगरा थाने के दरोगा लोकेश भाटी पर फॉर्च्यूनर और फ्लैट की मांग पूरी न होने पर पत्नी को जहर देने का आरोप, मदद के लिए पहुंचे थानाध्यक्ष बोले- ‘दरोगा है, कुछ नहीं बिगाड़ पाओगी’, पीड़िता ने खोली दहेज, मारपीट और उत्पीड़न की परतें, पुलिस आयुक्त ने दरोगा को किया लाइन हाजिर
मीनाक्षी और उसके पति लोकेश की फाइल फोटो। इसी मीनाक्षी ने पति पर गंभीर आरोप लगाये हैं।

एसएन मेडिकल कॊलेज में उपचाररत पीड़िता मीनाक्षी। 

पीड़िता मीनाक्षी, निवासी फरीदाबाद, की शादी वर्ष 2021 में न्यू आगरा थाने में तैनात दरोगा लोकेश भाटी से हुई थी। दंपति लॉयर्स कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे और उनका छह माह का एक बच्चा भी है।

दहेज में स्कॉर्पियो के बाद फॉर्च्यूनर और फ्लैट की मांग

पीड़िता के अनुसार, शादी में स्कॉर्पियो कार सहित लगभग एक करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। इसके बावजूद लोकेश भाटी लगातार फॉर्च्यूनर कार और फ्लैट की मांग करता था।
घटना वाले दिन जब लोकेश घर आया, खाना खाते समय उसे परिवार का फोन आया। फोन पर बात करने के बाद उसने मीनाक्षी से कहा- मैंने जो कहा था, उसका क्या हुआ?  पूछने पर उसने साफ कहा- अपने घरवालों से फ्लैट और फॉर्च्यूनर दिलवा दो। मीनाक्षी ने असमर्थता जताई तो विवाद बढ़ गया।

मुंह दबाकर पीटा, फिर कमरे में बंद कर पिलाई ‘दवा’

मीनाक्षी के अनुसार, इसी बात पर लोकेश भाटी हिंसक हो गया। उसने उसका मुंह दबाया और छाती पर बैठकर मारपीट की। चीख-पुकार सुनकर अन्य किराएदार पहुंचे और बीच-बचाव किया।
इसके बाद लोकेश ने माफी मांगते हुए उसे कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर लिया और कोई कड़वी दवा पिला दी। दवा पीते ही उसकी हालत बिगड़ने लगी।

इस दौरान मीनाक्षी ने अपने पिता को फोन कर सूचना दे दी थी। उसने किसी तरह खुद को छुड़ाया, कमरे से बाहर आई और मदद के लिए पुकारा। मकान में रह रहे किराएदार उसे तुरंत लोहियर्स कॉलोनी स्थित पोलारिस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे एसएन मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया गया। पीड़िता का कहना है कि जो दवा पिलाई गई वह कड़वी थी और संभवतः जहर था।  

ससुराल में भी चलता था दबाव, देवर पर भी गंभीर आरोप

मीनाक्षी का आरोप है कि ससुराल में भी लगातार फ्लैट और फॉर्च्यूनर को लेकर दबाव बनाया जाता था। उसने यह भी आरोप लगाया कि लोकेश भाटी ने अपने छोटे भाई गोलू को आगरा में ही कमरा दिला रखा है, जो घर आकर उससे अभद्रता और छेड़छाड़ करता था।

पीड़िता के अनुसार, लोकेश अक्सर उसे तलाक देने के लिए कहता था। मना करने पर धमकी देता- तू नहीं छोड़ेगी तो मैं तुझे छोड़ दूंगा और नौकरी करने वाली लड़की से शादी करूंगा।

परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद लोकेश भाटी ने मीनाक्षी को जहर देकर जान से मारने की कोशिश की। पड़ोसियों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

थाना प्रभारी पर भी गंभीर आरोप

पीड़िता ने बताया कि जब उसके पिता ने न्यू आगरा थाने में फोन किया, तो पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय उसकी हालत बिगड़ी हुई थी और उसे उल्टियां हो रही थीं। पीड़िता का आरोप है कि थाना प्रभारी योगेश नागर ने कहा- लोकेश भाटी दरोगा है, तुम उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाओगी… क्यों उसके पीछे पड़ी हो, क्या उसकी नौकरी खाओगी?

इस कथित बयान से पीड़िता और उसके परिजनों में भारी आक्रोश है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

अवैध संबंधों के भी आरोप, न्याय की मांग

मीनाक्षी और उसकी मां ने यह भी आरोप लगाया कि लोकेश भाटी के अन्य महिलाओं से अवैध संबंध हैं। परिवार ने साफ कहा है कि अब उनके पास इतने संसाधन नहीं हैं कि वे आरोपी की मांगें पूरी कर सकें। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि न्याय मिल सके।

यह भी जानकारी में आया है कि दोनों पक्षों में समझौते की बातें चल रही हैं। अगर कल तक समझौता न हुआ तो दरोगा लोकेश भाटी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हो सकता है। Bottom of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor