आगरा के खेल इतिहास में नया अध्याय, युवाओं के लिए बन रहा अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

आगरा के शाहगंज स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) मैदान में ₹492 लाख की लागत से आधुनिक इनडोर मिनी स्टेडियम का निर्माण शुरू हो गया है। सोमवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भूमि पूजन और शिलान्यास किया। दो मंजिला इस स्टेडियम में मल्टीपरपज हॉल, टेबल टेनिस कोर्ट, चेंजिंग रूम, फर्स्ट एड सेंटर, प्रशासनिक कक्ष और दर्शकों के लिए सिटिंग एरिया जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी। परियोजना का निर्माण कार्य 15 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

Jun 15, 2026 - 18:05
 0
आगरा के खेल इतिहास में नया अध्याय, युवाओं के लिए बन रहा अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
जीआईसी मैदान पर बनने वाले इंडोर स्टेडियम का भूमि पूजन करते हुए कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय आदि।

जीआईसी मैदान में ₹4.92 करोड़ से बनेगा अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं वाला इनडोर मिनी स्टेडियम, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने किया भूमि पूजन, 15 माह में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य

आगरा। जनपद के खेल इतिहास में सोमवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। शाहगंज स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) मैदान में आधुनिक सुविधाओं से युक्त इनडोर मिनी स्टेडियम निर्माण परियोजना का विधिवत शुभारंभ किया गया। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी खेल अवसंरचना योजना के अंतर्गत बनने वाले इस स्टेडियम का भूमि पूजन एवं शिलान्यास प्रदेश के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि आगरा के युवाओं में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल ऐसे आधुनिक मंच और बुनियादी सुविधाओं की थी, जहां खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखार सकें। उन्होंने कहा कि यह मिनी स्टेडियम न केवल शहर के खिलाड़ियों को नई पहचान देगा, बल्कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भी उन्हें तैयार करेगा।

उन्होंने कहा, “खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण का माध्यम हैं। प्रदेश सरकार युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। जीआईसी मैदान में बनने वाला यह स्टेडियम आगरा के खेल परिदृश्य को नई दिशा देगा।

”₹492 लाख की लागत से बनेगा आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

इस परियोजना की कुल स्वीकृत एवं तकनीकी लागत ₹492 लाख निर्धारित की गई है। निर्माण कार्य प्रारंभ करने के लिए ₹216 लाख की प्रथम किस्त जारी की जा चुकी है। 27 अप्रैल 2026 से शुरू हुई इस परियोजना को आगामी 15 माह के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश सरकार की कार्यदायी संस्था ‘यू.पी. स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPSCIDC)’ को सौंपी गई है।

खिलाड़ियों को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं

प्रस्तावित दो मंजिला इनडोर मिनी स्टेडियम को आधुनिक खेल आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इसके भूतल पर डबल हाइट मेन हॉल बनाया जाएगा, जहां विभिन्न राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय इनडोर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त टेबल टेनिस और अन्य खेल गतिविधियों के लिए अलग मल्टीपरपज हॉल, पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों के लिए पृथक चेंजिंग रूम और टॉयलेट ब्लॉक, प्रशासनिक कार्यालय, वर्क स्टेशन रूम तथा खेल सामग्री भंडारण के लिए इक्विपमेंट स्टोर की व्यवस्था की जाएगी। 

आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं के लिए फर्स्ट एड रूम, परिसर में सीसी रोड और इंटरलॉकिंग मार्ग, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था हेतु बोरिंग एवं सबमर्सिबल पंप तथा दर्शकों के लिए आधुनिक सिटिंग हॉल भी विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही अतिरिक्त व्यवस्थाओं के लिए बड़ा स्टोर रूम भी बनाया जाएगा। 

खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह

जीआईसी मैदान में बनने वाले इस अत्याधुनिक स्टेडियम को लेकर स्थानीय खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि स्टेडियम बनने के बाद आगरा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को हर मौसम में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कुश्ती और अन्य इनडोर खेलों का अभ्यास करने का अवसर मिलेगा। इससे न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और नागरिक

भूमि पूजन कार्यक्रम की अध्यक्षता रामनाथ गौतम ने की। इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, पूर्व सांसद प्रभु दयाल कठेरिया, पूर्व महापौर इंद्रजीत आर्य, निर्मला दीक्षित, डॉ. अलौकिक उपाध्याय, धीरज कोहली, राजू कुशवाह, आदेश सिंघल, संजय जैन, ओम प्रताप सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता के.के. भारद्वाज, डॉ. संतोष चाहर, विपुल मित्तल, परशुराम शर्मा, सुनील उपाध्याय, रंजीत सामा, दीप विनायक पटेल, मुनेंद्र जादौन, ललित शर्मा, राजकुमार सागर, ठाकुर रनवीर सिंह, सुनील कर्मचंदानी, विजय गोला, धीरज जैन, गुड्डू मेनन, रवि दिवाकर, सुधीर टंडन, डॉ. भोज कुमार शर्मा, सुरेश चौहान, कमल सिंह तोमर सहित  विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कार्यदायी संस्था के अभियंता, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी उपस्थित रहे।