कैट आगरा की नई कार्यकारिणी ने संभाला दायित्व, विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे ले जाएंगे
आगरा। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) आगरा इकाई की नवगठित कार्यकारिणी का दायित्व ग्रहण समारोह रविवार को शिल्पग्राम के निकट स्थित होटल ताज रिजॉर्ट में आयोजित किया गया। समारोह में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने नवदायित्वधारियों को पदभार सौंपते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर रोहित कत्याल को जिला अध्यक्ष, संजय ढींगरा को महामंत्री तथा अमित मदान को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम में विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी व्यापार को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ आगामी 12 से 15 अगस्त तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय व्यापार मेले में आगरा की सक्रिय भागीदारी की भी घोषणा की गई।
होटल ताज रिजॉर्ट में आयोजित समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल एवं संस्था के पदाधिकारियों ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को उनके दायित्व सौंपे और सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में व्यापारी वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विश्वास जताया कि कैट आगरा की युवा टीम व्यापार जगत को नई दिशा देने के साथ देश की आर्थिक प्रगति में भी अहम योगदान देगी।
कैट आगरा के नव नियुक्त जिला अध्यक्ष रोहित कत्याल ने कहा कि संगठन व्यापारियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ स्थानीय व्यापार को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य करेगा। उन्होंने बताया कि 12 से 15 अगस्त तक भारत मंडपम, प्रगति मैदान, नई दिल्ली में राष्ट्रीय कैट द्वारा आयोजित व्यापार मेले में आगरा की पूरी सहभागिता रहेगी, जहां शहर के उद्योग, हस्तशिल्प और व्यापारिक उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा।
कार्यक्रम में रमेश वाधवा, महेश कर्दम, संजय अरोरा, राजीव कोहली, रोहित कत्याल, सोनू कक्कड़, स्वीटी कालरा, चंद्रवीर फौजदार, गौरव शर्मा, नवीन गौतम, संजय ढींगरा, अमित मदान, अमित खत्री, विकास गर्ग, प्रशांत मिश्रा, भीष्म लालवानी, अमित कौरा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।