अग्रवाल महासभा में नई कमान: नितेश अग्रवाल अध्यक्ष, सतेन्द्र अग्रवाल महामंत्री; 40 सदस्यीय कार्यकारिणी घोषित, सामाजिक बदलाव का बड़ा ऐलान
आगरा। शहर के प्रमुख सामाजिक संगठन अग्रवाल महासभा में नेतृत्व परिवर्तन के साथ नई ऊर्जा का संचार हुआ है। वर्ष 2026-2028 सत्र के लिए पांच सदस्यीय चयन समिति ने 40 सदस्यीय नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए नितेश अग्रवाल को अध्यक्ष, सतेन्द्र अग्रवाल को महामंत्री और विष्णु बिहारी गोयल को कोषाध्यक्ष चुना है। महाराजा अग्रसेन भवन, लोहामंडी में आयोजित इस कार्यक्रम में सर्वसम्मति से लिए गए फैसलों के साथ समाज के उत्थान और संगठन विस्तार का बड़ा संदेश दिया गया।
नवनियुक्त अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने पदभार संभालते ही स्पष्ट किया कि महासभा का मुख्य लक्ष्य समाज को संगठित करना, सदस्यों की संख्या बढ़ाना और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ ठोस पहल करना होगा। उन्होंने कहा कि सभी को साथ लेकर चलने की नीति के तहत संगठन को मजबूत किया जाएगा और समाजहित सर्वोपरि रहेगा।
सह चुनाव अधिकारी फूलचंद बंसल और अशोक अग्रवाल (अंबाह) ने जानकारी दी कि 5 अप्रैल को आयोजित आमसभा में पांच सदस्यीय चुनाव समिति का गठन किया गया था, जिसे कार्यकारिणी चयन का अधिकार सौंपा गया। इस समिति में मुख्य चुनाव अधिकारी पूर्व विधायक महेश गोयल, सह चुनाव अधिकारी फूलचंद बंसल, महेंद्र बंसल, जीवनलाल मित्तल और अशोक अग्रवाल (अंबाह) शामिल रहे। समिति ने गहन विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से 40 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन किया, जिसमें फिलहाल 9 पद रिक्त हैं। इन पदों पर नामांकन नहीं होने के कारण जल्द ही इन्हें भरा जाएगा।
नवनिर्वाचित महामंत्री सतेन्द्र अग्रवाल और कोषाध्यक्ष विष्णु बिहारी गोयल ने संगठन के प्रति निष्ठा से कार्य करने और समाज के विकास को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। महासभा ने दहेज रहित शादियों को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाने का भी निर्णय लिया है, जिसे सामाजिक सुधार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
महाराजा अग्रसेन के जयकारों से गूंजा परिसर
कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद सभी चयनित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों का माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। पूरे परिसर में महाराजा अग्रसेन के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
इस अवसर पर विनय अग्रवाल, भगवान दास बंसल, विनोद अग्रवाल, सुरेशचंद (दयालबाग), कुलवंत मित्तल, लक्ष्मीनारायण मित्तल और दिनेश मित्तल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
ये बने कार्यकारिणी के प्रमुख सदस्य
वरिष्ठ उपाध्यक्ष: डॉ. मंजू बंसल, सुभाष चंद्र गर्ग, उपाध्यक्ष: देवेंद्र कुमार बंसल, कृष्ण मुरारी गोयल, वीरेंद्र कुमार जैन, वीरेंद्र गोयल, उपमहामंत्री: बृजेश अग्रवाल. संगठन मंत्री: शैलेन्द्र बंसल, सुशील अग्रवाल, रवि अग्रवाल, विधान निर्माता: अनिल अग्रवाल, प्रचार मंत्री: संजीव कुमार अग्रवाल, कानूनी सलाहकार: गजेंद्र अग्रवाल। उपस्थित सदस्यों ने करतल ध्वनि के साथ नई कार्यकारिणी का स्वागत किया। संचालन अशोक अग्रवाल (अंबाह) ने किया।
Top of Form